सीहोर। पुलिस की तकनीकी निगरानी से बचने के लिए चोर मोबाइल फोन घर पर छोड़कर वारदात करने निकला, लेकिन घटनास्थल की गीली मिट्टी पर बने जूतों के निशान उसकी गिरफ्तारी का अहम सुराग बन गए. करीब 20 लाख 75 हजार रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने वाले आरोपी तक पहुंचने के लिए अहमदपुर पुलिस ने सात दिन तक साक्ष्य जुटाए और फिर एक महीने तक गोपनीय निगरानी की. सुनियोजित पूछताछ में आरोपी ने चोरी कबूल कर ली. पुलिस ने उससे चोरी किए गए पूरे जेवरात बरामद कर लिए हैं.
मामला अहमदपुर कस्बे के नया बाजार मोहल्ले का है. फरियादी ललता प्रसाद दांगी ने 21 अक्टूबर को थाना अहमदपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 अक्टूबर की रात 10 बजे से 21 अक्टूबर की रात 12.30 बजे के बीच अज्ञात चोर उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषणों से भरा बैग चोरी कर ले गया. घटना के समय परिवार नई बाइक खरीदने की खुशी में पूजा-पाठ और उत्सव में व्यस्त था. इसी का फायदा उठाकर चोर ने घर के पिछले हिस्से में लगे पाइप के सहारे ऊपर चढ़कर वारदात को अंजाम दिया और फरार हो गया.
चोरी गए बैग में करीब 16 तोला सोना और 250 ग्राम चांदी के आभूषण रखे थे. इनकी बाजार कीमत करीब 20 लाख 75 हजार रुपये आंकी गई. इतनी बड़ी चोरी की वारदात को गंभीरता से लेते हुए पुलिस की विशेष टीम गठित की गई. एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे एवं एसडीओपी पीएन गोयल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अहमदपुर बीएल त्यागी के नेतृत्व में पुलिस ने जांच शुरू की. आरोपी ने सजगता बरतते हुए अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ दिया था. ऐसे में मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसकी पहचान करना आसान नहीं था. पुलिस ने शुरुआती सात दिन तक साक्ष्य जुटाए. घटनास्थल की गीली मिट्टी पर बने जूतों के निशान पुलिस के हाथ लगे. इन निशानों को जांच का महत्वपूर्ण आधार बनाते हुए संदिग्धों की तलाश और पूछताछ शुरू की गई.
आरोपी की धरपकड़ कार्रवाई में उपनिरीक्षक किरण राजपूत, उपनिरीक्षक पुष्पेंद्र सिंह यादव, प्रधान आरक्षक अजय प्रताप सिंह, आरक्षक पवन वर्मा सहित तकनीकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही. पुलिस अधिकारियों ने टीम की सराहनीय कार्रवाई की प्रशंसा की है.
एक महीने तक गोपनीय ढंग से रखी नजर
पुलिस ने पूछताछ के दौरान एक संदिग्ध को छोड़ दिया, लेकिन उस पर संदेह बना रहा. इसके बाद पुलिस टीम ने करीब एक महीने तक गोपनीय तरीके से उसकी गतिविधियों पर नजर रखी. पर्याप्त जानकारी जुटाने के बाद दोबारा दबिश देकर उससे सख्ती से पूछताछ की गई. पूछताछ में आरोपी ने घर में घुसकर आभूषण चोरी करना स्वीकार कर लिया. पुलिस ने आरोपी ओमप्रकाश उर्फ शिब्बू पिता जगदीश शर्मा, निवासी मेन मार्केट अहमदपुर को गिरफ्तार कर लिया. उसके कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के सभी आभूषण बरामद कर लिए गए.
