नई दिल्ली। रेलवे स्टेशन पर सोमवार दोपहर ATM बूथ में अचानक भीषण आग लग गई। आग की चपेट में वहां मौजूद दो ATM आ गए। घटना दोपहर करीब 3:50 बजे की है। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके को खाली कराया गया।
दोपहर 3:54 बजे दमकल विभाग को आग की सूचना दी गई। दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। शाम 4:40 बजे तक आग पूरी तरह बुझा दी गई। रिपोर्ट के मुताबिक, स्टेशन के जिस हिस्से में आग लगी, वहां अक्सर कंस्ट्रक्शन का काम चलता रहता है। हालांकि, आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है।
घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। बैंक को घटना की जानकारी दे दी गई है। ATM को हुए नुकसान का आकलन बैंक की जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।
