
भोपाल। पुलिस आरक्षक के 7500 पदों पर होने वाली लिखित परीक्षा अब 9 दिसंबर से शुरू होगी. कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) ने सोमवार को परीक्षा का नया कार्यक्रम जारी कर दिया है. पहले यह परीक्षा 19 नवंबर से आयोजित होनी थी, लेकिन परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और पुलिस की अन्य दो भर्ती परीक्षाओं की तारीखों में टकराव के चलते इसे करीब 20 दिन आगे बढ़ा दिया गया है. ईएसबी के अनुसार अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जल्द ही मंडल की वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे.
एसआई और क्लेरिकल भर्ती परीक्षाओं के कारण बदला कार्यक्रम
ईएसबी ने पुलिस आरक्षक भर्ती के साथ ही पुलिस उप निरीक्षक एवं सूबेदार के 507 पदों और पुलिस विभाग के क्लेरिकल स्टाफ के 655 पदों के लिए भी भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी. एसआई भर्ती की प्रारंभिक परीक्षा नवंबर तक चली है और अब मुख्य परीक्षा आयोजित की जानी है. वहीं, क्लेरिकल स्टाफ भर्ती का पहला चरण भी नवंबर में शुरू हो चुका है. तीनों परीक्षाओं की तारीखों में टकराव की स्थिति बन रही थी. बड़ी संख्या में ऐसे अभ्यर्थियों ने भी तीनों भर्तियों के लिए आवेदन किया है, जिन्हें एक ही समय पर परीक्षा होने से किसी एक भर्ती से वंचित होना पड़ सकता था.
7.54 लाख अभ्यर्थियों के लिए चाहिए परीक्षा केंद्र
आरक्षक भर्ती परीक्षा के लिए प्रदेशभर से 7.54 लाख से अधिक आवेदन आए हैं. इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की कंप्यूटर आधारित परीक्षा कराने के लिए प्रदेश के बड़े कॉलेजों और अन्य संस्थानों में ऑनलाइन परीक्षा केंद्रों की जरूरत है. परीक्षा करीब एक महीने तक कई पालियों में आयोजित की जानी है. नवंबर में एसआई और क्लेरिकल भर्ती परीक्षाएं भी होने के कारण परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता प्रभावित हो रही थी. इसके अलावा दीपावली के अवकाश के चलते प्रवेश पत्र जारी करने और अन्य तैयारियों में भी समय लगा. इन कारणों से परीक्षा का कार्यक्रम आगे बढ़ाया गया.
पीएचडी धारक भी आरक्षक बनने की दौड़ में
आरक्षक के 7500 पदों में 6800 पद जिला बल और 700 पद विशेष सशस्त्र बल (एसएएफ) के हैं. भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पहले 29 सितंबर थी, जिसे बढ़ाकर 6 अक्टूबर किया गया था. भर्ती में उच्च शैक्षणिक योग्यता वाले युवाओं की भी बड़ी संख्या है. इनमें 42 पीएचडी धारक, 11,961 इंजीनियरिंग डिग्रीधारी, 51,381 पोस्ट ग्रेजुएट और 3,26,626 स्नातक शामिल हैं. इसके अलावा 4,38,753 हायर सेकेंडरी, 93,736 हाईस्कूल और 1,011 आठवीं पास अभ्यर्थियों ने भी आवेदन किया है. तकनीकी और डिप्लोमा श्रेणी में 3,131 डिप्लोमा इंजीनियर, 3,922 अन्य डिप्लोमा और 8,252 आईटीआई पास युवा भी भर्ती की दौड़ में शामिल हैं.
