
बालाघाट, बालाघाट-सिवनी लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती भारती पारधी ने 23 नवंबर को जिला चिकित्सालय बालाघाट का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं एवं अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न वार्डों में भर्ती मरीजों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार की जानकारी ली। साथ ही अस्पताल प्रबंधन को मरीजों की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सांसद श्रीमती पारधी ने किरनापुर तहसील के ग्राम हिर्री की मंडई में चाउमीन खाने से फूड प्वाइजनिंग के कारण बीमार हुए बच्चों एवं वयस्कों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। इसके अलावा बिरसा क्षेत्र से उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराए गए बच्चों एवं अन्य मरीजों का भी हाल जाना। उन्होंने मरीजों के परिजनों से चर्चा कर उपचार की स्थिति एवं अस्पताल में मिल रही सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। सांसद ने चिकित्सकों को सभी मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दवाइयों की उपलब्धता और साफ-सफाई पर दिया जोर
अस्पताल भ्रमण के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर सांसद श्रीमती पारधी ने दवाइयों की उपलब्धता में कमी का मुद्दा उठाते हुए सिविल सर्जन का ध्यान आकृष्ट कराया। उन्होंने आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों को उपचार के लिए बाहर से दवाइयां खरीदने की परेशानी न हो। इसके साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर एवं विभिन्न वार्डों में साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा मरीजों के लिए आवश्यक सुविधाओं में सुधार करने की बात कही।
पार्किंग व्यवस्था व्यवस्थित करने के निर्देश
जिला चिकित्सालय परिसर में वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और अव्यवस्थित यातायात को देखते हुए सांसद श्रीमती पारधी ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने अस्पताल प्रबंधक को पार्किंग व्यवस्था तत्काल व्यवस्थित करने के निर्देश दिए, ताकि मरीजों, उनके परिजनों, एम्बुलेंस एवं अन्य आगंतुकों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। सांसद श्रीमती पारधी ने कहा कि जिला चिकित्सालय में आने वाले प्रत्येक मरीज को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और सुगम उपचार मिलना चाहिए। इसके लिए अस्पताल प्रबंधन को व्यवस्थाओं पर सतत ध्यान देने तथा मरीजों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।
