रेशम जैसे प्राकृतिक रेशों के लिए केला, अनानास और कमल पर शोध हो : गिरिराज

चेन्नई, 23 नवंबर (वार्ता) वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने सोमवार को रेशम उत्पादन के साथ केला, अनानास और कमल से रेशम जैसे प्राकृतिक रेशों के विकास के लिए शोध पर जोर देते हुए कहा है कि रेशम उद्योग में स्थिरता, हरित ऊर्जा और पर्यावरण अनुकूल प्रक्रियाओं को बढ़ावा दिया जाना चाहिए।
श्री सिंह ने सोमवार को यहां 27वें अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन एवं रेशम उद्योग कांग्रेस (आईएससीसी-2026) और सिल्क मार्क एक्सपो-2026 का उद्घाटन करते हुए कहा कि ट्रेसेबिलिटी, आधुनिक तकनीक, जैविक इनपुट, प्राकृतिक रंगों और संसाधनों के पुनर्प्राप्ति के माध्यम से रेशम क्षेत्र में कार्बन फुटप्रिंट कम करने की जरूरत है। उन्होंने रेशम क्षेत्र में रोजगार की व्यापक संभावनाओं का उल्लेख करते हुए भारतीय स्टार्टअप्स के नवाचार की सराहना की।

अंतरराष्ट्रीय रेशम उत्पादन आयोग की ओर से ‘सतत भविष्य के लिए रेशम’ विषय पर आयोजित पांच दिवसीय कांग्रेस में भारत, थाईलैंड, जापान, उज्बेकिस्तान समेत 23 सदस्य देशों के करीब 350 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। इनमें नीति निर्माता, वैज्ञानिक, तकनीकी विशेषज्ञ, निर्यातक और फैशन डिजाइनर शामिल हैं। यह सम्मेलन 27 नवंबर तक चलेगा। उन्होंने सिंथेटिक रेशम के विकल्पों पर चिंता जताते हुए उपभोक्ताओं से सिल्क मार्क प्रमाणन वाले असली रेशम को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने रेशम उत्पादन में स्थिरता और पर्यावरण अनुकूल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर आईएससी ग्लोबल अवार्ड्स-2026 से भारत, थाईलैंड, जापान और उज्बेकिस्तान के आठ प्रमुख व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इनमें लाइफटाइम योगदान के लिए लुई पाश्चर पुरस्कार और रेशम उत्पादन विज्ञान में उत्कृष्टता पुरस्कार शामिल हैं। सिल्क मार्क एक्सपो-2026 में भारत की चार प्रमुख प्राकृतिक रेशम किस्मों-मलबरी, तसर, एरी और मूगा-का प्रदर्शन किया जा रहा है। एक्सपो में 20 स्टॉल लगाए गए हैं और खरीदार-विक्रेता बैठकों के माध्यम से भारतीय रेशम उत्पादकों तथा वैश्विक खरीदारों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

.....

Next Post

जेवर एयरपोर्ट से फरवरी से शुरू हो सकती हैं अंतरराष्ट्रीय उड़ानें, यात्रियों को मिलेगी सीधे विदेश जाने की सुविधा

Mon Nov 23 , 2026
ग्रेटर नोएडा। जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें शुरू होने का इंतजार जल्द खत्म हो सकता है। फरवरी महीने से यहां से विदेशों के लिए फ्लाइट शुरू होने की संभावना है। इसके बाद यात्रियों को विदेश जाने के लिए दिल्ली के एयरपोर्ट पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। नोएडा […]

You May Like