कटनी। जिले से इंदौर, हरदा और नीमच भेजे गए करीब चार करोड़ रुपये के 32 ट्रक फोर्टिफाइड चावल के गायब होने के मामले में विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि संबंधित जिलों के अधिकारी पिछले तीन माह से कटनी कार्यालय को पत्र भेजकर चावल न पहुंचने की लिखित सूचना दे रहे थे, इसके बावजूद न तो संबंधित परिवहन एजेंसी से कोई सवाल-जवाब किया गया और न ही उस पर कोई कार्रवाई हुई। उल्टा यह सामने आ रहा है कि विवादों में घिरी भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस आज भी रैक प्वाइंट के माध्यम से अन्य जिलों में चावल भेजने का काम ठप्पे से कर रही है।
तीन माह तक फाइलों में दबे रहे पत्र, एजेंसी पर मेहरबानी जारी
दस्तावेजों के अनुसार नीमच कार्यालय ने 3 अगस्त, इंदौर कार्यालय ने 1 सितंबर और हरदा कार्यालय ने 7 सितंबर को कटनी जिला प्रबंधक को पत्र भेजकर ट्रकवार और चालानवार अप्राप्त चावल का पूरा ब्योरा सौंपा था। इसके बावजूद कटनी स्थित मध्य प्रदेश राज्य नागरिक आपूर्ति निगम (नान) कार्यालय में यह मामला करीब तीन माह तक दबा रहा। इस दौरान न तो लापता 32 ट्रकों (10975.25 क्विंटल) का हिसाब मांगा गया और न ही परिवहनकर्ता को किसी तरह की चेतावनी दी गई। जानकारों का कहना है कि इतनी बड़ी मात्रा में सरकारी खाद्यान्न का रिकॉर्ड न मिलने के बाद भी परिवहनकर्ता से लगातार काम लेते रहना अफसरों और एजेंसी के बीच गहरी मिलीभगत की ओर इशारा करता है।
पहले भी विवादों में रही है एजेंसी, फिर भी मिलता रहा काम
चावल के रोड मूवमेंट का कार्य संभाल रही भाग्य लक्ष्मी रोड लाइंस का पिछला रिकॉर्ड भी विवादित बताया जा रहा है। सामने आई जानकारी के मुताबिक इस कंपनी के मालिक विकास केसरवानी और पार्टनर दीपक जैन पर इससे पहले भी अन्य जिलों में 36 ट्रक धान गायब होने के मामले में कार्रवाई हो चुकी है। इसके बावजूद इसी एजेंसी को दोबारा रोड मूवमेंट का काम सौंपना और शिकायत सामने आने के बाद भी रैक प्वाइंट के जरिए परिवहन का काम जारी रखना विभागीय पारदर्शिता पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
भोपाल तक मामला पहुंचने के बाद हरकत में आया विभाग
जब स्थानीय स्तर पर तीन माह तक कोई सुनवाई नहीं हुई और मामला मीडिया व जनप्रतिनिधियों के संज्ञान में आया, तब जाकर विभाग की नींद टूटी है। शहडोल सांसद प्रतिनिधि पदमेश गौतम द्वारा नान के प्रबंध संचालक अनुराग वर्मा से पूरे प्रकरण की शिकायत किए जाने के बाद अब कटनी डीएम द्वारा संबंधित ट्रांसपोर्टर को नोटिस जारी किया गया है। हालांकि सवाल अब भी यही है कि जब तीन माह पहले ही तीनों जिलों से प्रमाण सहित पत्र आ चुके थे, तो अधिकारियों ने समय रहते जवाब-तलब कर कार्रवाई क्यों नहीं की और किसके संरक्षण में संबंधित एजेंसी बेरोकटोक काम करती रही।
