उज्जैन: विश्व के सर्वोच्च पर्वत शिखर माउंट एवरेस्ट के बेस कैंप की कठिन और रोमांचकारी यात्रा पूरी कर 26 मई को उज्जैन लौटे यूथ हॉस्टल एसोसिएशन ऑफ इंडिया के चार वरिष्ठ सदस्यों का शहर में गर्मजोशी से स्वागत किया गया। महामृत्युंजय द्वार पर संस्था के पदाधिकारियों ने इस सफल अभियान में शामिल शशिकांत वीरकर, डॉ. राजेश योहान, अरुण देशपांडे और अंजलि देशपांडे का सम्मान कर उज्जैन को गौरवान्वित करने पर बधाई दी।
यूथ हॉस्टल उज्जैन यूनिट के अध्यक्ष गोपाल महाकाल ने बताया कि 15 दिवसीय यह ट्रेक लगभग 17,600 फीट की ऊंचाई पर किया गया। यात्रा के दौरान ट्रेकर्स को बर्फ से ढके संकरे रास्तों, तीव्र चढ़ाई, ग्लेशियर, अत्यधिक ठंड, कम ऑक्सीजन स्तर और अचानक बदलते मौसम जैसी अनेक चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इन कठिन परिस्थितियों और जोखिम भरे मार्गों को पार करते हुए बेस कैंप तक की यात्रा सफलतापूर्वक पूरी करना अदम्य साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक है।
संस्था के सदस्यों ने किया स्वागत
संस्था के मीडिया प्रभारी जयंत तेलंग ने बताया कि एवरेस्ट बेस कैंप से लौटे सदस्यों का दिलीप चौहान, गोपाल महाकाल, सचिव डॉ. निर्दोष निर्भय, प्रदीप पिंगले, श्रीकांत चौधरी, अमिताभ पंडित, संदीप शर्मा, सीबी सिंह, केसरिया टी, विपुल सहगल, कविता पंडित, साधना वीरकर और सविता बेंजामिन सहित अन्य सदस्यों ने आत्मीय स्वागत किया।
