ग्राउंड रिपोर्ट: वार्ड 51 में पार्कों पर दबंगों का कब्जा, सड़कों पर कचरा और सीवेज; रहवासी परेशान

विजय शर्मा

भोपाल: नगर निगम द्वारा पार्कों की देखरेख नहीं किए जाने से लोगों ने पार्क पर ही कब्जा कर रखा है. वहीं दोनों गेट पर ताले डाल रखे हैं. यह स्थिति है वार्ड 51 के सी सेक्टर स्थित भगवान परशुराम वाटिका पार्क की. पार्क के अंदर बच्चों के लिए झूले और फिसल पट्टी के साथ बुजुर्गों के बैठने की कुर्सी भी लगी हैं. लेकिन वह सब जंग खा रही हैं. क्योंकि पार्क का निर्माण होने के बाद से उस पर कुछ लोंगों ने अवैध रुप से कब्जा कर गेट पर ताले डाल दिए हैं. जिससे उसमें कोई जा नहीं पाता है. वहीं उसमें खरपतवार भी काफी बड़ी हो गई है जिससे वहां पर जहरीले कीडें मकोडों का घर बन गया है. पार्क के चारों तरफ बड़े पेड़ खडे हैं जिनकी छटाई नहीं होने से रहवासियों को हादसे का डर बना हुआ है. इसी तरह से अभिनंदन पार्क का टेंडर होने के बाद भी अभी तक कार्य शुरू नहीं किया गया है. वहां पर जिम की सभी मशीनरी खराब पड़ी है. उसकी देख रेख में कोई नहीं है.
वार्ड में महिनों से झाड़ू नहीं लग रही है. जिससे वहां की सडक़ों और गलियों पर कचरा दिखाई दे रहा है. वहीं नालियां सफाई नहीं होने से कचरे से भरी हुई हैं. जिससे गंदा पानी सडक़ों पर बहता है. यही स्थिति गुलमोहर कालोनी, बाबा नगर शाहपुरा सी सेक्टर की है. कुछ क्षेत्रों में सीवेज की लाईन कचरे से भर जाती है जो महीनों तक साफ नहीं की जाती है, समस्याओं की शिकायत करने के बाद भी सुनवाई नहीं होती है.कई जगह कचरे का ढेर लगा हुआ है. और वहीं इस वार्ड में जिसमें बाबा नगर में सडक़ की स्थिति खराब है. बाबा नगर और त्रिलंगा के जीवन नगर सहित अन्य एैसी कालोनी है. जहां पर गंदगी और सडक़ों की समस्या बनी हुई है.
इनका कहना है
मेरे द्वारा वार्ड में वैसे तो चार सालों में काफी काम कराये गये हैं. जिनमें से कुछ यह जैसे नाली का निर्माण, श्वेता मंदिर के पास, प्रियदर्शनी नगर, त्रिलंगा, शाहपुरा सी सेक्टर में सीमेंट कंक्रीट रोड, महाकाली सोसायटी से मुख्य सडक़ तक सीसी रोड, सीमेंट कंक्रीट नवीनीकरण कोट सी सेक्टर, सीसी फुटपाथ का निर्माण, शाहपुरा ईडब्लूएस सेक्टर नाली निर्माण, वेंकटेश नगर में पार्क का विकास कराया गया है. वहीं जो अभिनंदन पार्क है उसका टेंडर हो चुका है और कार्य जारी है. वहीं परशुराम वाटिका पर जो भी ताले डाले गए हैं उनको मैें जल्द ही खुलवा दूंगा. उसकी खरपतवार और पेड़ों की छटाई भी करवा दूंगा.. मेरे कई निर्माण कार्यों के टेंडर हो चुके हैँ लेकिन ठेकेदार और इंजीनियर ही कार्य में देरी कर रहे हैं. इसलिए कार्य समय पर नहीं हो पा रहे हैं.
स्नेहलता भगवत सिंह रधुवंशी, पार्षद वार्ड 51
इनका कहना है
पूरे वार्ड में सडक़ों की हालत जर्जर है. पिछले 2 साल से वार्ड की सडक़ें उखड़ी हुई हैं. हर बार बरसात में पानी भर जाता है. चाहे वार्ड के मार्केट हो चाहे लोगों को घरों में वार्ड के कॉलोनी के पार्कों की हालत अत्यंत खराब है. यहां महीनों सफाई नहीं होती है. सडक़ों और पार्कों की स्ट्रीट लाइट अधिकतर बंद रहती है. और शाहपुरा सी सेक्टर बंसल अस्पताल के सामने रोज जाम लगता है. अवैध पार्किंग पर पार्षद की तरफ से कोई आवाज नहीं उठाई जाती. आम जनता परेशान हो रही है.
नीति चौबे, पूर्व पार्षद प्रत्याशी कांग्रेस,
रहवासियों ने सुनाई अपनी समस्याएं
इनका कहना है
ग्रीन सिटी सोसाइटी के पीछे की बॉउंड्री के बाहर सीवेज का गन्दा पानी भरा रहता हैं. पानी की लाइन भी यहीं से जाती हैं और सोसाइटी का पानी का टैंक भी हैं. नहर के पास हैं खुली जगह पर अतिक्रमण कर पक्की दुकानुंे बनाई जा रही हैं.
शेखर माहेश्वरी, अध्यक्ष ग्रीन सिटी गुलमोहर
इनका कहना है
हमारे यहां पर परशुराम वाटिका में दबंगोंं ताला डाल कर कब्जा कर रखा है. जिससे हम लोग कभी उसके अंदर टहलने ही नहीं जा पाते हैं. उसमें बच्चे पार्क में खेलने के लिए तरसते हैं. वहीं यहां पार्क के पेड़ की टहनियां सडक़ के ऊपर निकल रही हैं. जिनकी छटाई नहीं की गई जिससे बड़ा हादसा होने का अंदेशा बना हुआ है.
प्रेमलता, सी-सेक्टर शाहपुरा
इनका कहना
भगवान परशुराम वाटिका में कुछ दबंग लोगों ने ताला डाल रखा है. जिससे कालोनी के बच्चे वहां खेलने नहीं जा पाते हैं. बुजुर्ग भी उसके टहलने के लिए नहीं जा पाते हैं.
आशा जोशी, रहवासी, सी सेक्टर शाहपुरा
इनका कहना है
यहां की कालोनी में नालियां नहीं बनी हैं. जिससे बारिश के अलावा आम दिनों में भी पानी बहता रहता है. वहीं यहां के कालोनी की सडक़े खराब पड़ी हैं जिनकी मरम्मत नहीं की गई है. वहीं पेड़ों की छटाई नहीं हुई है.
कुसुम मिश्रा, रहवासी सी सेक्टर
इनका कहना है
हमारे यहां पर झाड़ु तो लगती नहीं है कचरा वाहन कचरा लेने आता है. कालोनी में पेड़ की डालियां बड़ गई जिनकी छटाई नहीं हुई है. जो हादसे का कारण बन सकती है.
छाया मिश्रा, रहवासी, सी सेक्टर
इनका कहना है
मुख्य मार्ग से बाबा नगर वाले रास्ता कच्चा है और बारिश में पानीभरने से आम आदमी का निकलना दूभर हो जाता है. नालियों की कभी सफाई नहीं हुई है. सभी रहवासियों को स्वयं ही नाली साफ करना पड़ती है.
आकाश चिढ़ार, बाबा नगर
इनका कहना
यहां पर झाड़ू तो कभी लगाई नहीं जाती है. वहीं कचरा वाहन सुबह 5 और 6 के बीच आकर चला जाता है. हर तरफ गंदगी फेली हुई है.
प्रशांत तिवारी, बाबा नगर
इनका कहना है
हमारे यहां पर सडक़ बनाई नहीं गई है. बारिश में कीचड़ होने से गंदगी होती है. वहां कचरा इकट्ठा हो जाता है. जनता परेशान होती है.
संतोष कुमार, रहवासी बाबा नगर
इनका कहना है
बारिश के दौरान दुकान में पानी घुस जाता है, लेकिन निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं है. झाड़ू और कचरे का कार्य बराबर होता है.
नाथूराम सिंह, सेलून संचालक, जीवन नगर गुलमोहर
इनका कहना है
2 साल से ये नाली खुली पड़ी है, कचरे भर गई है.सफाई हुई नहीं है. बारिश के दौरान पानी सडक़ पर बहता है. डेंगू मच्छर सांप के कारण रहवासी परिषद हो रहे हैं. नगर निगम में शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई.
सीमा झा, रहवासी, सी सेक्टर
इनका कहना है
वार्ड 51 में अभिनंदन पार्क बिना मेंटेनेंस के पड़ा हुआ है। अधिसूचना पुलिस के द्वारा लिखे होने के बावजूद यहां असमाजिक कार्य हो रहे हैं, बच्चे या कॉलेज के छात्र नशा करते हैं, रहवासियों को समस्या हो रही है.
मोहित दीक्षित, रहवासी अभिनंदन पार्क, सी-सेक्टर

Next Post

कीचड़ और दलदल में फंसी जिंदगी, एंबुलेंस तक नहीं पहुंच पा रही

Mon Jul 27 , 2026
सिंगरौली (देवसर): विकासखंड देवसर के ग्राम पंचायत कारी अंतर्गत ग्राम केरवा में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के तहत निर्माणाधीन सड़क का कार्य पिछले दो माह से पूरी तरह बंद पड़ा है। अधूरी सड़क और बारिश के कारण बने कीचड़ व दलदल ने ग्रामीणों की मुश्किलें कई गुना बढ़ा दी […]

You May Like