उपमुख्यमंत्री के दरबार में पहुंचा कार्रवाई से प्रभावित परिवार

सतना। एयरपोर्ट की जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच प्रभावित परिवारों ने अब अपनी बात शासन स्तर तक पहुंचाने की कोशिश शुरू कर दी है। रविवार को प्रभावित पक्ष से वंदना प्रसेंजित तोमर और पार्षद नीरज शुक्ला रीवा स्थित उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ला के आवास पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया।
प्रभावित परिवारों ने दलील दी कि जिस बस्ती को खाली कराने की कार्रवाई की जा रही है, वह करीब 70 वर्षों से आबाद है। ऐसे में बिना पर्याप्त समय दिए एक ही दिन में कार्रवाई करना उचित नहीं है। उन्होंने प्रशासनिक कार्रवाई की प्रक्रिया और प्रभावितों को समय देने के सवाल भी उठाए।
इधर, एयरपोर्ट की जमीन पर अतिक्रमण के मामले में नगर निगम के आवक-जावक शाखा में पदस्थ कर्मचारी सुनील बाल्मीक ने अंतत: अपना जिम खाली कर दिया है। इसके साथ ही घर में संचालित ब्यूटी पार्लर भी बंद कर दिया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच जिम और पार्लर खाली किए जाने को प्रशासनिक कार्रवाई के असर के रूप में देखा जा रहा है।

संकट का दिया हवाला

उप मुख्यमंत्री को सौंपे गए लिखित आवेदन में प्रभावित परिवारों की ओर से कहा गया कि संबंधित बस्ती करीब सात दशक पुरानी है और यहां लंबे समय से लोग निवास कर रहे हैं। ऐसे में अचानक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई से परिवारों के सामने रहने और अपने रोजगार को लेकर संकट खड़ा हो गया है। आवेदन में यह भी कहा गया कि लोगों को अपनी व्यवस्था करने के लिए पर्याप्त समय नहीं दिया गया।

Next Post

अलबरकात वेलफेयर सोसाइटी के इज्तेमाई निकाह सम्मेलन में 16 जोड़ों का हुआ निकाह

Mon Nov 23 , 2026
सतना। अलबरकात वेलफेयर सोसाइटी के तत्वावधान में रविवार को चौथा इज्तेमाई निकाह सम्मेलन संपन्न हुआ, जिसमें 16 ज़रूरतमंद जोड़ों का निकाह कराया गया. इसी के साथ संस्था ने वर्ष 2023 से अब तक कुल 50 जोड़ों के निकाह कराने का अपना लक्ष्य पूरा कर लिया.आयोजित समारोह में निकाह की रस्म […]

You May Like