
बालाघाट, जिले की पुलिस ने हत्या के एक मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि प्रेम प्रसंग से नाराज पिता-पुत्र ने लड़की के प्रेमी की हत्या करवाई थी। इस घटना में एक आरोपी फरार चल रहा है।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में कालेज की पढ़ाई कर रहे 20 वर्षीय युवक रियांश चौहान की हत्या का मामला पुलिस ने सुलझा लिया है। हट्टा थाना पुलिस ने मामले में संलिप्त 6 में से 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी जीवन पटले और उसका पुत्र आशुतोष पटले इस हत्याकांड के मास्टरमाइंड हैं। दोनों ने अपने अन्य चार साथियों यश पारधी, यश पटले, विकास उर्फ बग्गा व एक अन्य को साथ लेकर घटना को अंजाम दिया था। इस घटनाक्रम में भी आरोपी पिता-पुत्र ने मृतक रियांश चौहान को निपटाने के लिये 10 लाख रूपये की सुपारी दी थी।
10 लाख रुपये की दी सुपारी
एसपी मलय जैन ने बताया कि आरोपी जीवन पटले की पुत्री का पड़ोस में रहने वाले रियांश चौहान से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों पिता-पुत्र को यह पसंद नहीं था। इसके चलते आशुतोष पटले और रियांश चौहान के बीच कई बार विवाद व कहासुनी भी हो चुकी थी। इसके चलते आशुतोष ने अपने पिता जीवन के साथ मिलकर 3 महीने पहले से ही रियांश को ठिकाने लगाने की योजना तैयार की। दोनों पिता-पुत्र ने 4 युवकों को हत्या करने में सहभागी बनाने के लिये तैयार किया और उन्हें 10 लाख रूपये दिए जाने भी बात तय की।
हत्या कर पुलिया के नीचे फेंका शव
इसके बाद आरोपियों ने 16 नवंबर को रियांश चौहान को परासपानी की मंडई में बुलाया। यहां उसे एकांत में ले जाकर शराब पिलाई और लोहे की भारी वस्तु से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद घटनास्थल से करीब आधा किमी दूर शव को स्कूटी सहित लाकर एक पुलिया के किनारे फेंक दिया, ताकि घटनाक्रम एक्सीडेंट जैसा लगे। हालांकि पुलिस ने रात में ही शव बरामद किया था और 17 नवंबर को पोस्टमार्टम कराया था। रिपोर्ट में चोट लगने के कारण मृत्यु होना पाया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने एसआईटी गठित की। जांच आगे बढ़ी तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।
गिरफ्तारी पर परिजनों ने किया हंगामा
बता दें कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस पर परिजनों की ओर से लगातार दबाव भी बन रहा था। आरोपियों की गिरफ्तारी की सूचना प्राप्त हुई तो परिजन व ग्रामीण बड़ी संख्या में हट्टा थाने का घेराव करने के लिये पहुंच गये। ये लोग सभी आरोपियों को सौंपने की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें समझाइश देकर वापस भेज दिया।
