नयी दिल्ली, 22 नवंबर (वार्ता) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को तेलंगाना के एक दिवसीय दौरे पर जाएंगे और करीमनगर में पार्टी की ओर से देशभर में चलाए जा रहे ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत आयोजित पदयात्रा में हिस्सा लेंगे। श्री नवीन सोमवार अपराह्न 1:45 बजे करीमनगर स्थित वैश्य भवन के निकट पदयात्रा प्रारंभ होने से पहले जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा को संबोधित करने के पश्चात, वह कार्यक्रम स्थल से कमान सर्कल तक ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में आये पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शामिल होंगे।
भाजपा की ओर से आज जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के नेता खास कर लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी देश भर में भय, भ्रम और झूठ फैलाकर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। श्री गांधी और विपक्ष की इसी कथित अराजकतावादी सोच को जनता के सामने उजागर करने और लोकतंत्र की रक्षा का संदेश देने के उद्देश्य से भाजपा की ओर से राष्ट्रव्यापी स्तर पर यह अभियान चलाया जा रहा है।

