
सतना : जिले में बढ़ती ठंड को देखते हुए प्रदेश के शासकीय और अशासकीय स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिली है.लोक शिक्षण संचालनालय डी.एस. कुशवाह (संचालक ) ने सभी स्कूलों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं कि सर्दी के मौसम में यूनिफॉर्म या गर्म कपड़ों के प्रोटोकॉल को लेकर किसी भी छात्र को कक्षा में प्रवेश से वंचित न किया जाए. इसके साथ ही कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतरवाने पर भी सख्त रोक लगा दी गई है.
आदेश में कहा गया है कि विभाग के संज्ञान में यह बात आई है कि कई विद्यालयों में निर्धारित यूनिफॉर्म के बजाय अलग रंग या डिज़ाइन के स्वेटर और गर्म कपड़े पहनकर आने पर विद्यार्थियों को कक्षा में बैठने से रोक दिया जाता है. वहीं निर्देश में स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई विद्यार्थी ठंड से बचने के लिए निर्धारित गणवेश से अलग रंग या डिज़ाइन के स्वेटर या गर्म कपड़े पहनकर स्कूल आता है तो उसे कक्षा में उपस्थित होने से कतई न रोका जाए.
कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतरवाने पर भी पाबंदी
वहीं आदेश में इस बात पर भी चिंता जताई गई है कि ठंड के दिनों में कई स्कूलों में विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतारने के लिए बाध्य किया जाता है जिससे बच्चों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ने और बीमार होने की संभावना रहती है.संचालनालय ने निर्देशित किया है कि किसी भी विद्यार्थी को कक्षा के बाहर जूते-चप्पल उतारने के लिए मजबूर न किया जाए.
