
सीधी । चक्रवाती तूफान अकवान का असर अब सीधी जिले में भी स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। मौसम में अचानक आए बदलाव के चलते शुक्रवार देर रात से ही आसमान में घने बादलों का डेरा जम गया और बूंदाबांदी का दौर शुरू हो गया। शनिवार सुबह से रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश ने दोपहर बाद तेज रूप ले लिया। अचानक बदले मौसम के इस मिजाज से जहां जिले में ठंडक बढ़ गई है वहीं इस बेमौसम बारिश ने अन्नदाताओं की धडक़नें बढ़ा दी हैं।
जिले में इस समय खरीफ सीजन की प्रमुख फसल धान की कटाई और गहाई का काम जोरों पर चल रहा है। कई गांवों में धान की फसल अभी खेतों में ही खड़ी है जबकि अधिकांश किसानों ने फसल काटकर खेतों और खलिहानों में रखी हुई है। अचानक हुई बारिश से कटी हुई फसल भीग गई है जिससे दाने काले पडऩे और गुणवत्ता प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है। जिन किसानों की फसल अभी खड़ी है उनके सामने तेज हवा और बारिश से फसल के आड़े गिरने का संकट खड़ा हो गया है। बेमौसम बारिश का सीधा असर आगामी रबी सीजन की तैयारियों पर भी पड़ रहा है।
जिले के किसान इन दिनों गेंहू की फसी की बोनी के लिए खेत तैयार करने में जुटे थे और कई स्थानों पर बोनी शुरू भी हो चुकी थी। लगातार बारिश होने से खेतों में अत्यधिक नमी बढऩे और पानी भरने की स्थिति बन गई है। कृषि जानकारों के अनुसार खेत सूखने में समय लगने के कारण गेंहू की बोनी का निर्धारित समय आगे बढ़ सकता है। फिलहाल किसान मौसम खुलने की आस में आसमान की ओर टकटकी लगाए बैठे हैं।
सेमरिया क्षेत्र में कटी धान बर्बाद होने की कगार पर
सेमरिया क्षेत्र में शनिवार सुबह से लगातार हो रही रिमझिम बारिश ने किसानों की मुश्किलें दोगुनी कर दी हैं। यहां खेतों में खड़ी फसल के साथ-साथ काटकर रखी गई धान की फसल के सडऩे और खराब होने का खतरा मंडराने लगा है।
इनका कहना है
खेतों में काटकर रखी गई धान की फसल लगातार बारिश के कारण पूरी तरह भीग रही है। इससे फसल की गुणवत्ता खराब होने की आशंका बढ़ गई है। यदि आगामी एक-दो दिनों तक मौसम ऐसा ही बना रहा, तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।
राजकुमार मिश्रा, किसान ग्राम कुबरी
सीधी जिले में हुई हालिया बारिश रबी की फसलों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस वर्षा से खेतों में पर्याप्त नमी लौट आई है जिससे गेंहू, चना और सरसों जैसी फसलों की बढ़वार को सीधा लाभ मिलेगा और सिंचाई की लागत भी कम होगी। हालांकि यह राहत तभी तक फायदेमंद है जब तक मौसम संतुलित रहे। यदि आने वाले दिनों में अत्यधिक बारिश या ओलावृष्टि होती है तो तैयार हो रही फसलों को भारी नुकसान पहुंचने की आशंका भी बनी रहेगी।
अजीत सिंह, युवा किसान सोनवर्षा सीधी
इस असामयिक बारिश से किसानों को फायदे से कहीं ज्यादा नुकसान की आशंका है। क्षेत्र में अभी 50 प्रतिशत से अधिक धान की फसल खेतों में कटाई और गहाई के लिए पड़ी हैए जिसके भीगने और खराब होने का सीधा खतरा मंडरा रहा है। दूसरी ओर दलहन और तिलहन फसलों की बुवाई भी लगभग पूरी हो चुकी है। यदि तेज बारिश होती है तो खेतों में पानी भरने से यह बुवाई भी नष्ट हो सकती है। मौसम के इस बिगड़े मिजाज के कारण हम सभी किसान भाई बेहद चिंतित हैं।
अरविंद सिंह परिहार, कृषक मझौली
आज सुबह से हो रही लगातार बारिश से फसलों को लाभ के बजाय नुकसान की अधिक आशंका है। खेतों में खड़ी पकी फसल के दाने झडऩे से उत्पादन में कमी आ सकती है वहीं खेत और खलिहान में कटकर रखी गई फसल में नमी बढऩे से धूप निकलने के बाद भी इसके खराब होने और फफूंद लगने का खतरा रहेगा तथा खेतों में जलभराव होने से धान के साथ-साथ सब्जियों की फसलों को भी नुकसान पहुंचेगा। हालांकि रबी सीजन के लिए जिन किसानों के खेत तैयार हो चुके हैं उनके लिए यह वर्षा गेंहू और चने की बुवाई हेतु पलेवा का काम जरूर कर सकती है।
डॉ.अल्का सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख कृषि विज्ञान केन्द्र सीधी
००००००००००
