
खंडवा। मां नर्मदा की परिक्रमा को लेकर खंडवा से एक अनूठी धार्मिक यात्रा शुरू होने जा रही है। खंडवा के संत श्री विभुजी शर्मा 23 नवंबर को मार्कण्डेय मां नर्मदा परिक्रमा यात्रा का शुभारंभ करेंगे। आनंद धाम, सीएच प्राइम कॉलोनी से सुबह 8 बजे यात्रा प्रारंभ होगी। आयोजकों के अनुसार यह यात्रा करीब 5 से 6 हजार किलोमीटर लंबी होगी।समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि इस परिक्रमा की खास बात यह है कि इसमें मां नर्मदा की मुख्य धारा के साथ उनकी 43 सहायक नदियों के उद्गम स्थलों तक पहुंचने का संकल्प लिया गया है इनमें तवा, सुकता, कुंदा, वेदा और गोई सहित अन्य नदियां शामिल हैं। यात्रा के दौरान इन सभी नदियों के उद्गम स्थलों तक पहुंचकर नर्मदेश्वर महादेव की स्थापना का उद्देश्य भी रखा गया है।आयोजकों के मुताबिक सामान्य नर्मदा परिक्रमा लगभग 3500 किलोमीटर की होती है, जबकि प्रस्तावित मार्कण्डेय परिक्रमा का मार्ग 5 से 6 हजार किलोमीटर तक रहेगा। इस यात्रा को महर्षि मार्कण्डेय की प्राचीन परिक्रमा परंपरा से जोड़ते हुए 43 लाख 20 हजार साल बाद उसी संकल्प को दोहराने का प्रयास बताया गया है।
51 हजार 108 नर्मदेश्वर महादेव की स्थापना का संकल्प
समाजसेवी सुनील जैन ने बताया कि संत विभुजी शर्मा ने समाज में 51 हजार 108 नर्मदेश्वर महादेव की नि:शुल्क स्थापना का संकल्प भी लिया है। यात्रा को लेकर धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से शुभारंभ अवसर पर पहुंचने की अपील की गई है।यात्रा का शुभारंभ 23 नवंबर को सुबह 8 बजे आनंद धाम, सीएच प्राइम कॉलोनी, खंडवा से होगा।
