इंदौर: तुकोगंज थाना क्षेत्र की बेकरी गली में एक युवती से उसके मकान मालिक ने न सिर्फ अश्लील हरकतें कीं, बल्कि विरोध पर उसे कमरे में बंद कर बंधक बना लिया. कमरे में कैद युवती ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया तो आसपास के लोग सतर्क हुए और मौके पर पहुंच गए. स्थिति बिगड़ते देख आरोपी मौके से भाग निकला, लेकिन ज्यादा देर फरार नहीं रह सका. पुलिस ने उसे कुछ ही घंटों में पकड़ लिया.
थाना प्रभारी जितेन्द्र यादव ने बताया कि पीड़िता अलीराजपुर की रहने वाली है और फिलहाल इंदौर में नौकरी के सिलसिले में रह रही है. वह शहर के एक बार में काम करती है और जिस मकान में रह रही है, वह आरोपी अयाज खान का है. पीड़िता ने पुलिस को यह भी बताया कि वह अपने कमरे में थी तभी मकान मालिक अयाज वहां आ धमका. बातचीत की आड़ में उसने गलत तरीके से छूने की कोशिश की. विरोध करने पर उसने बाहर से दरवाजा बंद कर दिया और भाग गया.
कमरे से आ रही आवाज सुनकर मोहल्ले के कुछ लोग वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाकर युवती को बाहर निकाला. घटना की सूचना मिलते ही तुकोगंज पुलिस मौके पर पहुंची और फरार आरोपी को तलाश कर कुछ ही देर में हिरासत में ले लिया, पुलिस ने आरोपी अयाज के खिलाफ आईपीसी की छेड़छाड़ और बंधक बनाने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है. वहीं पीड़िता के बयान दर्ज किए जा चुके हैं और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.
