
सारंगपुर। सारंगपुर पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगाकर 259 कट्टे प्याज से भरा ट्रक ले जाने के आरोप में रोताश उर्फ रोहिताश गुर्जर को गिरफ्तार किया ह. पुलिस ने शनिवार को उसकी निशानदेही पर प्याज बेचकर मिले 4 लाख 50 हजार रुपए, ट्रक और फर्जी नंबर प्लेट जब्त की है. पुलिस ने सारंगपुर से राजस्थान के भरतपुर तक करीब 125 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे. टोल प्लाजा पर भी वाहनों की जांच की गई.
ड्राईवर और मालिक का फोन था बंद
पुलिस के मुताबिक, ग्राम पड़ाना निवासी जफर अंसारी (51) ने 259 कट्टे प्याज उत्तर प्रदेश की नवलगढ़ मंडी भेजने के लिए शाजापुर के ट्रांसपोर्टर वसीम से संपर्क किया था. ट्रांसपोर्टर ने बिल्टी क्रमांक 312 के तहत मिनी आयशर ट्रक क्रमांक एचआर 74 बी 2884 भेजा. जफर ने प्याज भरवाकर ट्रक रवाना कर दिया. माल बीते 12 अक्टूबर को मंडी पहुंचना था, लेकिन तय समय पर नहीं पहुंचा. ड्राइवर और ट्रक मालिक के मोबाइल बंद मिलने पर जफर को धोखाधड़ी की आशंका हुई। 3 नवंबर 2026 को थाना सारंगपुर में अपराध क्रमांक 732/2026 के तहत बीएनएस की धारा 318(4) और 338 में मामला दर्ज किया गया.
तकनीकी जानकारी और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम डोढली निवासी रोताश उर्फ रोहिताश गुर्जर को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि आर्थिक नुकसान के चलते उसने ट्रक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई और प्याज लेकर राजस्थान चला गया. उसने ट्रक में आग लगने से प्याज जलने की झूठी कहानी भी बनाई. आरोपी ने रास्ते में राहगीरों को 5 से 10 कट्टे करके प्याज सस्ते दामों पर बेचे.
