
धार. मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने ग्राम सादलपुर एवं केसूर का भ्रमण कर विभिन्न शासकीय संस्थानों एवं जनसुविधा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सादलपुर के पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल तथा केसुर के शासकीय उचित मूल्य दुकान, शासकीय सीनियर जनजातीय बालक छात्रावास तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र) की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर श्री मीना ने पीएम श्री एकीकृत शासकीय हाई स्कूल में शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी लेते हुए साइंस लैब का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रयोगशाला में उपलब्ध उपकरणों एवं शैक्षणिक संसाधनों का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों द्वारा बताए गए प्रयोगों की सराहना की ।
उन्होंने छात्रावास में विद्यार्थियों से संवाद कर भोजन की गुणवत्ता, आवासीय सुविधाओं एवं अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवाओं की उपलब्धता, मरीजों को दी जा रही उपचार सुविधाओं तथा स्वच्छता व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ आमजन को समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शासकीय उचित मूल्य दुकान के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खाद्यान्न वितरण व्यवस्था एवं स्टॉक पंजी का अवलोकन किया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में समय पर खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मीना ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ आमजन और विद्यार्थियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से मिले। इस दौरान संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
