
ब्यावरा/खिलचीपुर। समीपस्थ पाटलीखेड़ा गांव में हृदय विदारक घटना सामने आई है. एक पति की आंखों के सामने उसकी पत्नि तालाब में डूब गई. पति ने बचाने की कोशिश की और खुद डूबने से बचा. देखते ही देखते उसकी पत्नि पानी में समा गई. करीब 16 घंटे बाद पत्नि का शव तालाब से रेस्क्यू टीम निकाल पाई.
तालाब में डूबी 28 वर्षीय रामकन्या बाई तंवर का शव 16 घंटे बाद शनिवार सुबह मिला. राजगढ़ जिला मुख्यालय से पहुंची एसडीईआरएफ टीम ने करीब दो घंटे के रेस्क्यू के बाद शव को बाहर निकाला. महिला का शव तालाब के बीच करीब 15 फीट गहरे गड्ढे में फंसा था. पत्नी को डूबता देख पति रामबाबू भी उसे बचाने के लिए तालाब में कूद गया, लेकिन तैरना नहीं आने के कारण उसे बचा नहीं पाया. पति ने बताया कि उसकी आंखों के सामने करीब 5 मिनट में पत्नी पानी में डूब गई. शव मिलने के बाद परिजन बिलख पड़े. पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
खेत पर मक्का निकालते समय तालाब में गिरी
खिलचीपुर से करीब 12 किलोमीटर दूर पाटलीखेड़ा गांव निवासी रामबाबू तंवर खेती-किसानी करते हैं. उनकी शादी करीब 10 साल पहले रामकन्या बाई (28) से हुई थी. दंपती के दो बच्चे हैं. इनमें डेढ़ साल का बेटा जीवन और तीन साल की बेटा है. शुक्रवार को रामकन्या बाई अपने पति और ससुराल के अन्य लोगों के साथ खेत पर मक्का निकालने का काम कर रही थी. इसी दौरान वह बिना बताए खेत के पास बने तालाब की तरफ चली गई. आशंका है कि पानी पीने के दौरान उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिरकर डूबने लगी.
पत्नी को बचाने कूदा पति, ग्रामीण ने बाहर निकाला
रामकन्या को तालाब में डूबता देखकर पति रामबाबू भी उसे बचाने के लिए पानी में कूद गया. हालांकि, उसे तैरना नहीं आता था. इस दौरान वह खुद भी डूबने लगा. तभी वहां मौजूद गांव के एक युवक ने तालाब में कूदकर रामबाबू को बाहर निकाल लिया. रामबाबू ने बताया कि उसने अपनी आंखों के सामने पत्नी को पानी में डूबते देखा. करीब पांच मिनट के अंदर वह पानी में समा गई. उसे तैरना नहीं आता था, इसलिए चाहकर भी पत्नी को बचा नहीं सका. इसके बाद ग्रामीणों की भीड़ तालाब के पास जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई.
