मेटा को युवा कांग्रेस ने दी सात दिन की मोहलत, अकाउंट्स पर प्रतिबंध लगाने को लेकर मांगा जवाब

नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) भारतीय युवा कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मेटा को सात दिनों की मोहलत देते हुए भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट्स पर कथित मनमाने प्रतिबंधों और पोस्ट ब्लॉक किए जाने के मामलों में जवाब मांगा है।

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि मेटा ने सात दिनों के अंदर उसकी मांगों पर जवाब नहीं दिया तो डिजिटल अभिव्यक्ति की आजादी की लड़ाई अदालतों से लेकर सड़कों तक लड़ी जाएगी।

युवा कांग्रेस ने यह चेतावनी हैदराबाद, गुरुग्राम और मुंबई स्थित मेटा के कार्यालयों के बाहर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद दिया है। संगठन ने चार प्रमुख मांगें रखते हुए कहा कि मेटा पिछले छह महीनों में सरकार के आदेश पर प्रतिबंधित किए गए भारतीय सोशल मीडिया अकाउंट्स की संख्या और अब तक जारी प्रतिबंधों का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करे। संगठन ने यह भी सवाल उठाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी का उल्लेख करने वाली या प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करने वाली पोस्ट को कथित तौर पर स्वचालित तरीके से ब्लॉक क्यों किया जा रहा है। संगठन ने विपक्षी नेताओं, पत्रकारों और कंटेंट क्रिएटर्स की आवाज पर लगाए गए सभी गैरकानूनी प्रतिबंध तत्काल हटाने की मांग की। साथ ही मेटा से भारत के संविधान का सम्मान करने और किसी राजनीतिक दल के निर्देशों के बजाय संवैधानिक मूल्यों के अनुरूप काम करने को कहा।

युवा कांग्रेस ने कहा कि उसके ‘डिजिटल आजादी’ अभियान के तहत पिछले कई महीनों से मनमाने प्रतिबंधों का सामना कर रहे कंटेंट क्रिएटर्स, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स और स्वतंत्र पत्रकारों को कानूनी सहायता दी जा रही है। संगठन का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना और कारण बताए सोशल मीडिया अकाउंट्स प्रतिबंधित किए जा रहे हैं और लोगों की आवाज दबाई जा रही है।

युवा कांग्रेस ने कहा कि किसी भी कॉरपोरेट कंपनी को यह तय करने का अधिकार नहीं है कि भारत के किस नागरिक को अपनी बात रखने का अधिकार होगा और किसे नहीं। संगठन ने चेतावनी दी कि मेटा को भारत में कारोबार करना है तो उसे भारतीय संविधान और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान करना होगा। युवा कांग्रेस ने कहा कि उसके दिलों में गांधी के सिद्धांत और रगों में भगत सिंह का साहस है तथा वह हर भारतीय की डिजिटल आवाज की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।

Next Post

कनेरी के विस्थापितों का 48 घंटे चला धरना समाप्त, कोर एरिया में ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए रात भर डटे रहे अफसर

Sat Nov 21 , 2026
पन्ना, पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र स्थित पूर्व ग्राम कनेरी में अपनी मांगों को लेकर डटे विस्थापित ग्रामीणों का धरना शनिवार को तीसरे दिन शांतिपूर्ण ढंग से समाप्त हो गया। वरिष्ठ वन अधिकारियों और जिला प्रशासन की संवेदनशीलता तथा आत्मीय संवाद के बाद ग्रामीणों ने आंदोलन खत्म करने का […]

You May Like