मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, दिल्ली में घने कोहरे की दी चेतावनी , पूर्वी भारत में भारी बारिश का अनुमान

नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) मौसम विज्ञान विभाग ने शनिवार को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में 21 और 22 नवंबर को घने कोहरे की चेतावनी दी तथा उत्तर प्रदेश में भी अगले दो दिनों में ऐसी ही स्थिति रहने का अनुमान जताया है जिससे सड़क, रेल और हवाई यातायात में बाधा उत्पन्न हो सकती है। मौसम विभाग के अधिकारियों ने आज सुबह आठ बजे जारी मौसम बुलेटिन में पूर्वी, मध्य और पूर्वोत्तर भारत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का अनुमान जताया। उन्होंने बताया कि 22 नवंबर को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली के कुछ इलाकों में घना कोहरा छाए रहने का प्रबल अनुमान है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन घना कोहरा छाए रहने के आसार हैं। उन्होंने कम दृश्यता की चेतावनी देते हुए कहा कि कोहरे का असर हवाई अड्डों, राजमार्गों और रेल मार्गों पर पड़ सकता है जिससे यात्रा धीमी हो सकती है और सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है।
विभाग ने अपनी सलाह में चेतावनी दी है कि “वाहन चलाने की स्थिति कठिन होगी और यात्रा में अधिक समय लगेगा।

” विभाग ने वाहन चालकों से फॉग लाइट का इस्तेमाल करने और यात्रियों से यात्रा करने से पहले अपने विमान और रेलगाड़ी की समय-सारणी की जांच कर लेने के लिए कहा है।
विभाग ने यह भी चेतावनी दी है कि घना कोहरा बिजली वितरण लाइनों को प्रभावित कर सकता है और सांस संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकता है, खासकर उन लोगों में जो अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित हैं। इस बीच भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के बाद बचा हुआ कम दवाब का क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ते हुए दक्षिणी ओडिशा के ऊपर से गुजरा और 20 नवंबर की रात 11:30 बजे कमजोर होकर मध्य ओडिशा के ऊपर एक स्पष्ट कम दबाव वाले क्षेत्र में तब्दील हो गया। इसके बाद यह और उत्तर की ओर बढ़ा और शनिवार सुबह 5.30 बजे तक कमजोर होकर उत्तरी ओडिशा के भीतरी इलाकों में एक कम दबाव वाले क्षेत्र में बदल गया। इससे जुड़ा चक्रवाती परिसंचरण समुद्र तल से 4.5 किमी की ऊंचाई तक फैला हुआ था।

मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी में न जायें।
शुक्रवार सुबह 8:30 बजे से शनिवार सुबह 5:30 बजे के बीच दर्ज की गई बारिश के आंकड़ों के अनुसार, ओडिशा के पारादीप बंदरगाह पर 7 सेमी बारिश हुई, और छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में 6 सेमी बारिश दर्ज की गई। ओडिशा के बालासोर और चांदबाली में 4-4 सेमी बारिश दर्ज की गई, जबकि पश्चिम बंगाल के कोलकाता-अलीपुर और हल्दिया में भी 4-4 सेमी बारिश हुई।

मौसम विभाग ने बताया कि 23 से 27 नवंबर के बीच तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और कराईकल में कुछ जगहों पर भारी बारिश होने का अनुमान है। केरल और माहे में 24 और 25 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। वहीं 23 से 27 नवंबर की अवधि में तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में आंधी-तूफान के साथ बिजली कड़कने और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है, जो कभी-कभी 60 किमी प्रति घंटे तक भी पहुंच सकती हैं। चौबीस और 25 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में काफी व्यापक से लेकर व्यापक बारिश होने की उम्मीद है जबकि लक्षद्वीप में 25 से 27 नवंबर के बीच इसी तरह की बारिश हो सकती है।

इसके विपरीत, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर-पश्चिमी भारत के अधिकांश हिस्सों में 27 नवंबर को समाप्त होने वाली सात दिनों की पूर्वानुमान में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने की भी जानकारी दी है। राजस्थान के सीकर में 20 नवंबर को न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो भारत के मैदानी इलाकों में दर्ज किया गया सबसे कम तापमान है। विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे कोहरे के दौरान सावधानी बरतें और मौसम के ताज़ा पूर्वानुमान तथा परिवहन संबंधी सलाहों का पालन करें।

.....

Next Post

मणिपुर में जहरीली शराब से मृत्यु के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार : राहुल

Sat Nov 21 , 2026
नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए इसके लिए राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को जिम्मेदार ठहराया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ित परिवारों को उचित सहायता देने […]

You May Like

मनोरंजन