नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मणिपुर में जहरीली शराब पीने से कई लोगों की मौत पर दुख व्यक्त करते हुए इसके लिए राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार को जिम्मेदार ठहराया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर पीड़ित परिवारों को उचित सहायता देने की मांग की है।
श्री गांधी ने सोशल मीडिया ‘एक्स’ पर शनिवार को कहा “मणिपुर में ज़हरीली शराब से कई लोगों की मृत्यु का समाचार बहुत दुखद है। शोकसंतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं और अस्पताल में उपचार कर रहे लोगों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा “यह हादसा नहीं बल्कि राज्य की भाजपा सरकार की लापरवाही का नतीजा है। पहले हिंसा ने सैकड़ों घर उजाड़े, अब जहरीली शराब उजाड़ रही है और सरकार अब भी सो रही है।” श्री गांधी ने दोषियों के खिलाफ तुरंत सख्त कार्रवाई करने तथा पीड़ित परिवारों को बिना देरी पूरी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।

