नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के कमला नेहरू कॉलेज के कॉलेज दिवस समारोह में नवनिर्मित ‘वंदे मातरम् अकादमिक भवन’ का उद्घाटन किया। श्रीमती गुप्ता ने इस अवसर पर छात्राओं की सुगम आवाजाही के लिए दिल्ली परिवहन निगम (डीटीसी) की दो नये रूटों पर यूनिवर्सिटी लेडीज स्पेशल (यू-स्पेशल) बस सेवाओं की भी शुरुआत की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने के साथ बेटियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद परिवहन उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि नयी बस सेवाओं के माध्यम से कमला नेहरू और गार्गी कॉलेज की छात्राओं को लक्ष्मी नगर और ग्रीन पार्क मेट्रो स्टेशनों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। बसें सुबह आठ बजे से 10:30 बजे तक संबंधित मेट्रो स्टेशनों से और दोपहर तीन बजे से शाम 5:30 बजे तक कॉलेज क्षेत्र से संचालित होंगी। छात्राओं की सुविधा के लिए दोनों रूटों पर प्रत्येक 30 मिनट के अंतराल पर बस उपलब्ध रहेगी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के लिए बेहतर संस्थागत सुविधाओं के साथ सुरक्षित परिवहन व्यवस्था उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कमला नेहरू कॉलेज की यात्रा गौरवशाली उपलब्धियों से भरी रही है। महज 400 विद्यार्थियों से शुरू हुआ यह संस्थान आज प्रतिवर्ष चार हजार से अधिक छात्राओं को शिक्षा प्रदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसी शिक्षण संस्थान की पहचान केवल उसकी इमारतों और सुविधाओं से नहीं, बल्कि वहां से निकलने वाली प्रतिभाओं और विद्यार्थियों को मिलने वाले अवसरों से होती है। नया अकादमिक भवन कॉलेज की शैक्षणिक यात्रा में महत्वपूर्ण उपलब्धि साबित होगा। इस दौरान उन्होंने कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों, प्रकाशनों और छात्राओं की प्रतिभा की सराहना की तथा विशिष्ट उपलब्धियां हासिल करने वाली छात्राओं को सम्मानित किया।
मुख्यमंत्री ने अपने छात्र जीवन की स्मृतियां साझा करते हुए कहा कि उनकी सार्वजनिक जीवन की यात्रा भी दिल्ली विश्वविद्यालय से शुरू हुई थी। उन्होंने छात्राओं से कहा कि कॉलेज जीवन केवल डिग्री हासिल करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व निर्माण, नेतृत्व क्षमता विकसित करने और जीवन के लक्ष्य तय करने का महत्वपूर्ण समय है। उन्होंने कहा कि गर्ल्स कॉलेज छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और विभिन्न गतिविधियों में भाग लेने के अवसर प्रदान करते हैं।

