सिंगरौली : जन विश्वास अभियान के तहत तहसील मुख्यालय देवसर में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने बरगवां में निर्माणाधीन संदीपनी विद्यालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय भवन एवं परिसर में चल रहे निर्माण कार्यों की स्थिति का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने तथा आवश्यक मूलभूत सुविधाओं को समय पर विकसित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देशित किया कि बाउंड्रीवाल का निर्माण निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराया जाए, ताकि विद्यालय परिसर को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जा सके।
विद्यालय में मूलभूत सुविधाएं आवश्यक
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर ने जल निगम अथवा नगर परिषद के माध्यम से पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रारंभ होने एवं विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए पेयजल जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराना प्राथमिकता से सुनिश्चित किया जाए, जिससे विद्यार्थियों एवं विद्यालय स्टाफ को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने विद्यालय के आसपास किए गए अतिक्रमण का संज्ञान लेते हुए तहसीलदार को आवश्यक कार्रवाई कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय के आसपास का क्षेत्र बाधामुक्त एवं सुव्यवस्थित होना चाहिए, जिससे विद्यार्थियों के आवागमन में सुविधा रहे और शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन के लिए अनुकूल वातावरण निर्मित हो सके।
