सतना। मैहर-सतना मार्ग पर उचेहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत इचौल और जीतनगर के बीच गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मैहर से उचेहरा लौट रही सफारी कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बनी दीवार से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार पलट गई। हादसे में कार सवार 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे लोगों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सफारी कार क्रमांक ओडी 15 आरक्यू 2700 में सवार तीन लोग मैहर से उचेहरा थाना क्षेत्र के रामपुरवा लौट रहे थे। गुरुवार देर रात जब उनकी कार इचौल और जीतनगर के बीच पहुंची, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित कार सड़क किनारे बनी दीवार से टकराने के बाद पलट गई। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने पहुंचकर बचाई जान
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार पलटी हुई देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव का प्रयास शुरू किया। उन्होंने कार में फंसे लोगों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद तीनों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद रामपुरवा निवासी 28 वर्षीय अनिमेष तिवारी, पिता राजकुमार तिवारी को मृत घोषित कर दिया। कार में सवार दो अन्य लोगों की जान बच गई।
काम के सिलसिले में गए थे मैहर
बताया गया है कि अनिमेष तिवारी किसी काम के सिलसिले में मैहर गए हुए थे। वहां से देर रात अपने साथियों के साथ रामपुरवा लौट रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। शुक्रवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया। युवक की असमय मौत से परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
