आज की शाम नैवेद्य लोक के नाम

उज्जैन:महाकाल की नगरी में आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और शहरवासियों को अब एक नए आकर्षण का केंद्र मिलने जा रहा है. हिंदू नववर्ष गुड़ी पड़वा के शुभ अवसर पर गुरुवार शाम मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव नानाखेड़ा क्षेत्र में तैयार किए गए ‘नैवेद्य लोक’ फूड जोन का लोकार्पण करेंगे.उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह फूड जोन धार्मिक नगरी की आस्था और सात्विक भोजन संस्कृति को एक साथ जोड़ने का प्रयास है. महाकाल लोक के बाद उज्जैन में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधाओं और पर्यटन को ध्यान में रखते हुए यह नया फूड जोन विकसित किया गया है. यहां आने वाले श्रद्धालु महाकाल के दर्शन के बाद एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के शुद्ध सात्विक व्यंजनों का आनंद ले सकेंगे. इसी धार्मिक भावना के साथ इस परिसर का नाम ‘नैवेद्य लोक’ रखा गया है, ताकि यहां का वातावरण आस्था और संस्कृति से जुड़ा महसूस हो.

36 दुकानें तैयार
नानाखेड़ा बस स्टैंड के समीप सी-टू-वन के सामने पंडित श्यामा प्रसाद मुखर्जी परिसर के पास बनाए गए इस फूड जोन में एक ही कैंपस में 36 दुकानें तैयार की गई हैं. प्रत्येक दुकान का क्षेत्रफल लगभग 12 वर्ग मीटर है. दुकानों के सामने पर्याप्त पोर्च और बैठने की व्यवस्था की गई है, जिससे लोग आराम से बैठकर भोजन का आनंद ले सकें. परिसर में पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता की सुविधाएं भी उज्जैन विकास प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई गई हैं.

बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक की व्यवस्था
फूड जोन को केवल भोजन स्थल ही नहीं बल्कि एक सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधि केंद्र के रूप में भी विकसित किया गया है. यहां एक बड़ा मंच बनाया गया है जहां समय-समय पर गीत-संगीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा सकेंगे. बच्चों के लिए खुला स्थान, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए आरामदायक बैठने की व्यवस्था तथा युवाओं के लिए घूमने-फिरने के स्थान भी बनाए गए हैं. पूरा परिसर वाहन मुक्त जोन के रूप में विकसित किया गया है ताकि यहां आने वाले लोगों को सुरक्षित और शांत वातावरण मिल सके.

व्यापारियों को कुछ दिनों के लिए फ्री में दुकान
लोकार्पण के बाद कुछ दिनों तक दुकानों का संचालन अस्थायी रूप से व्यापारियों के माध्यम से किया जाएगा. इस अवधि में उन्हें निःशुल्क स्थान उपलब्ध कराया जाएगा और दैनिक आय भी उन्हीं को प्राप्त होगी. इसके बाद अप्रैल माह में टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से दुकानों का स्थायी आवंटन किया जाएगा.

अफसरों ने लिया जायजा
प्रशासनिक अधिकारियों ने बुधवार को परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया. कलेक्टर रोशन कुमार सिंह, एसपी प्रदीप शर्मा, यूडीए सीईओ संदीप सोनी, ट्रैफिक पुलिस और अन्य अधिकारियों ने यहां पेयजल, बिजली, पार्किंग और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए.

फूड जोन पर सजेगी शाम
लोकार्पण कार्यक्रम को शाम के समय आयोजित किया जा रहा है ताकि फूड जोन की रोशनी, संगीत और भोजन की खुशबू के बीच परिसर की रौनक दिखाई दे सके. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव यहां तैयार हो रहे सात्विक व्यंजनों को बनाते, खरीदते और उनका स्वाद लेते भी नजर आ सकते हैं, जिससे लोगों को इस नए फूड जोन की ओर आकर्षित करने का संदेश जाएगा.

2023 में भूमि पूजन
उल्लेखनीय है कि 9 सितंबर 2023 को उच्च शिक्षा मंत्री रहते डॉ. मोहन यादव ने ही इस परियोजना का भूमि पूजन किया था. अब निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह परिसर शहरवासियों और श्रद्धालुओं के लिए समर्पित किया जा रहा है

Next Post

ईरानी राष्ट्रपति ने खुफिया मंत्री इस्माइल खतीब की 'शहादत' की पुष्टि की

Thu Mar 19 , 2026
तेहरान/तेल अवीव, (वार्ता) ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने इजरायली हमले में देश के खुफिया मामलों के मंत्री इस्माइल खतीब की मौत की आधिकारिक पुष्टि करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है। यह पिछले 24 घंटे के भीतर किसी उच्च पदस्थ तीसरे ईरानी अधिकारी की हत्या है। खतीब की मौत […]

You May Like