इंदौर स्टेशन पर आकार लेने लगी 7 मंजिला पार्सल बिल्डिंग

इंदौर: इंदौर रेलवे स्टेशन पर अब जाकर पार्सल बिल्डिंग आकार लेने लगी है. लंबे समय से प्रस्तावित इस बिल्डिंग का निर्माण कार्य अब तेजी से आगे बढ़ रहा है. बेसमेंट और ग्राउंड फ्लोर की स्लैब डलने के बाद फर्स्ट फ्लोर का काम भी शुरू हो चुका है. निर्माण स्थल पर जिस तेजी से काम चल रहा है, उससे बिल्डिंग का स्वरूप अब साफ नजर आने लगा है.
खास बात यह है कि रेलवे सूत्रों के अनुसार यह बिल्डिंग भविष्य में करीब 7 मंजिला बनाई जा सकती है. सिंहस्थ 2028 को देखते हुए इस बिल्डिंग का महत्व और बढ़ गया है. जहां इसके शुरुआती हिस्से का उपयोग रेलवे के लिए किया जाएगा, वहीं ऊपर की मंजिलों पर यात्रियों की सुविधाओं के लिए रेस्ट रूम, वेटिंग एरिया और अन्य व्यवस्थाएं विकसित करने की योजना बताई जा रही है.

नीचे रेलवे का उपयोग, ऊपर यात्रियों को सुविधा
करीब 50 मीटर लंबी और 15 मीटर चौड़ी इस बिल्डिंग को फिलहाल बेसमेंट, ग्राउंड फ्लोर और फर्स्ट फ्लोर यानी बी+जी+1 के स्वरूप में तैयार किया जा रहा है. रेलवे सूत्रों के मुताबिक इसका स्ट्रख्र इस तरह बनाया जा रहा है कि भविष्य में इसे लगभग सात मंजिल तक विस्तारित किया जा सके. शुरुआती बी+जी+1 हिस्से का उपयोग रेलवे अधिकारियों के लिए किया जाएगा, जबकि ऊपर बनने वाली मंजिलों में यात्री सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा सकती है. इसमें रेस्ट रूम, यात्रियों के आराम करने की व्यवस्था, वेटिंग एरिया सहित अन्य सुविधाएं विकसित किए जाने की संभावना है.

सिंहस्थ में यात्रियों के लिए बनेगी राहत
सिंहस्थ 2028 के दौरान इंदौर से उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं और यात्रियों की संख्या में भारी बढ़ोतरी होने की संभावना है. ऐसे में इंदौर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के ठहरने, आराम करने और प्रतीक्षा करने की सुविधाएं उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती होगी. इसी जरूरत को देखते हुए पार्सल बिल्डिंग की उपयोगिता बढ़ जाती है. यदि इसके ऊपरी हिस्सों को यात्री सुविधाओं के लिए तैयार किया जाता है तो सिंहस्थ के दौरान यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही अतिरिक्त सुविधाएं मिल सकेंगी. खासकर उज्जैन जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह व्यवस्था काफी उपयोगी साबित हो सकती है.

स्टेशन प्रोजेक्ट पर सिंहस्थ के बाद आगे बढ़ेगा काम
इंदौर रेलवे स्टेशन का करीब 412 करोड़ रुपए का पुनर्विकास प्रोजेक्ट शहर के बड़े रेलवे इंफ्रास्ट्रख्र प्रोजेक्ट में शामिल है. इसके तहत स्टेशन का नवीनीकरण और विस्तार किया जाना है, लेकिन निर्धारित समय में पूरे निर्माण कार्य को पूरा करना संभव नहीं दिखाई देने के कारण सिंहस्थ को ध्यान में रखते हुए शेष बड़े कामों को बाद में आगे बढ़ाने की कवायद की जा रही है. ऐसे में मौजूदा स्टेशन पर यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए पार्सल बिल्डिंग का निर्माण महत्वपूर्ण हो गया है. एक ओर स्टेशन के बड़े पुनर्विकास कार्य की रफ्तार सिंहस्थ के बाद बढ़ाने की योजना है, वहीं दूसरी ओर इस बिल्डिंग को पहले तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है.

पार्सल व्यवस्था के साथ यात्री सुविधाओं के लिहाज से भी अहम

इस बिल्डिंग का महत्व केवल पार्सल व्यवस्था तक सीमित नहीं रहेगा. स्टेशन पर पार्सल से संबंधित सुविधाओं को व्यवस्थित करने के साथ भविष्य में अतिरिक्त मंजिलों के जरिए यात्रियों के लिए भी उपयोगी स्थान उपलब्ध कराया जा सकेगा. इससे मौजूदा स्टेशन पर बढ़ते यात्री दबाव को संभालने में मदद मिलने की उम्मीद है. रेलवे अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि इंदौर रेलवे स्टेशन निर्माण कार्य के अंतर्गत पार्सल बिल्डिंग का कार्य प्रगति पर है. इसमें बेसमेंट एवं ग्राउंड फ्लोर का स्लैब डल चुकी है तथा फर्स्ट फ्लोर का कार्य प्रगति पर है.

अब नजर सिंहस्थ से पहले निर्माण पूरा होने पर
इंदौर स्टेशन के बड़े पुनर्विकास प्रोजेक्ट के बीच पार्सल बिल्डिंग का निर्माण अब सबसे महत्वपूर्ण कार्यों में शामिल हो गया है. यात्रियों की बढ़ती संख्या, पार्सल व्यवस्था और सिंहस्थ के दौरान अतिरिक्त सुविधाओं की जरूरत को देखते हुए रेलवे के लिए इस बिल्डिंग को समय पर तैयार करना बड़ी चुनौती भी है. अब देखना होगा कि सिंहस्थ से पहले इसका निर्माण कितना पूरा हो पाता है और यात्रियों के लिए प्रस्तावित सुविधाएं किस स्वरूप में उपलब्ध कराई जाती हैं.

Next Post

राशिफल-पंचांग: 21 नवंबर 2026

Sat Nov 21 , 2026
पंचांग 21 नवम्बर 2026:- रा.मि. 30 संवत् 2083 कार्तिक शुक्ल द्वादशी शनिवासरे रात 1/36, रेवती नक्षत्रे रात 3/42, सिद्धि योगे रात 1/4, वव करणे सू.उ. 6/39, सू.अ. 5/21, चन्द्रचार मीन रात 3/42 से मेष, शु.रा. 12,2,3,6,7,10 अ.रा. 1,4,5,8,9,11 शुभांक- 5,7,1. ————————————————————————- आज जिनका जन्म दिन है- शनिवार 21 नवम्बर 2026 […]

You May Like

मनोरंजन