जबलपुर। सार्वजनिक सड़क पर वन विभाग के द्वारा फेंसिंग कर आम नागरिकों के आवागमन को प्रतिबंधित किये जाने के खिलाफ दायर याचिका पर हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस अल्पेश वाई कोगजे तथा जस्टिस विवेक जैन की युगलपीठ ने सुनवाई करते हुए वन विभाग तथा भोपाल कलेक्टर को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
भोपाल के चंदनपुर निवासी राजेंद्र सिंह की तरफ से दायर की गयी याचिका में कहा गया था कि चंदनपुर-चीचली रोड राजस्व रिकॉर्ड में सार्वजनिक मार्ग के रूप में दर्ज है। रोड के दोनों तरफ की सड़क वन विभाग को रिजर्व फॉरेस्ट के लिए प्रदान की गयी थी। याचिका में कहा गया था कि वन विभाग ने सड़क पर फेंसिंग कर उसे संकरा कर दिया है। इसके अलावा लोगों का आवागमन भी प्रतिबंधित कर दिया है।
याचिका में कहा गया था कि पूर्व में भी इस संबंध में याचिका दायर की गयी थी। जिसकी सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने जिला कलेक्टर को निर्देशित किया था कि वह तहसीलदार को नियुक्ति करते हुए सार्वजनिक सड़क का नाप कराते हुए आवश्यक कार्यवाही करें। हाईकोर्ट के द्वारा 2 फरवरी 2021 को उक्त आदेश जारी किये गये थे। साढ़े पांच साल का समय गुजर जाने के बावजूद भी आदेश का पालन नहीं किया गया। जिसके कारण उक्त याचिका दायर की गयी है।याचिका की सुनवाई करते हुए युगलपीठ ने वन विभाग के प्रमुख सचिव, सीसीएफ तथा कलेक्टर भोपाल को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता की तरफ से अधिवक्ता ध्रुव वर्मा ने पैरवी की।
