शनिवार को जिले की 4 जरूरतमंद महिलायें बनेंगीं “शक्ति दीदी”

ग्वालियर। ग्वालियर जिले में शनिवार 21 नवम्बर को चार और जरूरतमंद महिलायें शक्ति दीदी बनेंगीं। जिले में महिला सशक्तिकरण की दिशा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान की पहल पर हुए “शक्ति दीदी” नवाचार के माध्यम से जरूरतमंद महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है। इस नवाचार के तहत जरूरतमंद महिलाओं को पेट्रोल पंपों पर फ्यूल डिलेवरी वर्कर की नौकरी दिलाई जा रही है। जिले में वर्तमान में 57 पेट्रोल पंपों पर 132 जरूरतमंद महिलाएं फ्यूल डिलेवरी वर्कर के रूप में शक्ति दीदी की भूमिका का सफलतापूर्वक निर्वहन कर रही हैं।

कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान सहित अन्य अधिकारी 21 नवम्बर को विभिन्न पेट्रोल पंपों पर पहुँचकर चार महिलाओं को “शक्ति दीदी” के रूप में फ्यूल डिलेवरी वर्कर की जिम्मेदारी दिलायेंगे। कलेक्टर श्रीमती चौहान शनिवार को दोपहर एक बजे श्री हरीलीला सर्विसेज लक्ष्मीगंज पेट्रोल पंप पर सुश्री बेबी व सुश्री संगीता को शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगीं।

इसी तरह संयुक्त कलेक्टर श्रीमती शिवांगी अग्रवाल इन्द्रप्रस्थ फिलिंग स्टेशन गोले का मंदिर पर सुश्री दीपांजलि एवं संयुक्त कलेक्टर सुरेश कुमार बरहादिया जयभारत पेट्रोलियम चंद्रबदनी नाका पर सुश्री ममता शाक्य को दोपहर 12 बजे शक्ति दीदी की जिम्मेदारी सौंपेंगे।

You May Like