
जबलपुर। एटीएस जबलपुर ने फर्जी भारतीय पासपोर्ट मामले में जांच का दायरा बढ़ा दिया है। पकड़े गए तीनों अफगानी नागरिकों को शुक्रवार को टीम दमोह पासपोर्ट कार्यालय लेकर पहुंची जहां से फर्जी पासपोर्ट बने थे। इस दौरान टीम ने तफ्तीश की। फर्जीवाड़े से जुड़ी जानकारियां जुटाई। इस कांड में और कौन-कौन शामिल है इस पर छानबीन चली। सूत्र बताते है कि एंटी-टेररिस्ट स्क्वॉड की रडार में कई और चेहरे आ गए है। अफगानियों के भारतीय पासपोर्ट बनवाने से लेकर पुलिस वेरिफिकेशन करवाने एवं पोस्ट ऑफिस से पासपोर्ट हासिल करवाने के एवज में धन राशि दी गई थी बल्कि इस फर्जीवाड़े मेें कई नए और शामिल थे। आरोपियों से एटीएस लगातार पूछताछ कर रही है जिन्होंने पूछताछ में नए राज उगले है। जल्द ही मामले में बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
विदित हो कि घुसपैठियों पर 31 जुलाई 2025 में एटीएस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया था। अफगानी नागरिक सोहबत खान पिता बदरुद्दीन खान को गिरफ्तार किया था। सोहबत विगत लगभग 10 वर्षों से अवैध रूप से जबलपुर में रह रहा था। जांच का दायरा बढ़ा तो आरोपियों की संख्या बढ़ती गई थी। एटीएस को 20 अफगानी युवकों की जानकारी भी मिली। इसके बाद एटीएस ने अब तक 11 अफगानी दबोचेे। तीन मद्दगारों पर भी शिकंजा कसा। इसके बाद एटीएस ने अब अय्यूब खान, अब्दुल वली, मो. असलम को कोलकाता से दबोचा है। तीनों को 23 नवम्बर तक रिमांड पर लिया गया है। पकड़े गए अफगानी वर्ष 2020 में अफगानिस्तान का पासपोर्ट लेकर भारत आए थे। जबलपुर में फर्जी पासपोर्ट बनाने के बाद फर्जी पते, जाली दस्तावेजों के जरिए वे कोलकाता चले गए थे और तब से वे वहीं रह रहे थे एटीएस की जांच में यह बात सामने आई कि फर्जी पासपोर्ट दमोह से बने थे। दस्तावेज बनवाने से लेकर पुलिस वेरिफिकेशन करवाने एवं पोस्ट ऑफिस से पासपोर्ट हासिल करवाने में कई भी शामिल है। जिसकी तस्दीक करने के लिए टीम तीनों अफगानी नागरिकों को शुक्रवार को दमोह लेकर पहुंची थी।
