
जबलपुर। शहर में बुजुर्गों को झांसा देकर ठगी करने वाला गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गया है। लार्डगंज थाना क्षेत्र मेंं सुबह की सैर पर निकली वृद्धा को दो अज्ञात ठगों ने अपनी बातों के जाल में फंसा लिया। आरोपियों ने महिला के बेटे पर भारी संकट आने का डर दिखाकर जय माता दी बुलवाकर 10 कदम चलाया और उनके सोने के बाला और मंगलसूत्र उतरवा लिए और थैले सहित रफूचक्कर हो गए। पुलिस ने धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जगदीश मंदिर के पास गुप्ता कॉलोनी निवासी प्रेमबाई साहू (75) रोजाना की तरह शुक्रवार सुबह पैदल घूमने के लिए गोलबाजार की ओर निकली थीं। सुबह जब वे कृष्णा मेडिकल से आगे बढक़र महाकौशल स्कूल के बीच पहुंचीं, तभी सामने से आ रहे दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया। ठगों ने वृद्धा की भावनाओं और बेटे के प्रति ममता का फायदा उठाते हुए कहा कि उनके बेटे के ऊपर बहुत बड़ा संकट मंडरा रहा है। संकट टालने का उपाय बताते हुए युवकों ने कहा कि वे तुरंत अपने पहने हुए सोने-चांदी के जेवर उतारकर बैग में रख लें। बेटे की सलामती की चिंता में बुजुर्ग महिला घबरा गईं और ठगों के कहे अनुसार अपने सोने के बाला व मंगलसूत्र उतारकर पर्स में रखे, तथा उस पर्स को अपने थैले में डाल दिया। शातिर ठगों ने वृद्धा से कहा कि यह थैला हमें दे दें और बिना पीछे देखे जय माता दी बोलते हुए 10 कदम आगे चलें। महिला ने विश्वास कर थैला आरोपियों के हाथ में थमा दिया और 10 कदम आगे बढ़ गईं। लेकिन जैसे ही उन्होंने पीछे पलटकर देखा, वहां से दोनों युवक थैले सहित गायब हो चुके थे। ठगी का अहसास होने पर वृद्धा बदहवास स्थिति में घर पहुंचीं और परिजनों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद थाने पहुंचकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई।