
भौंरासा। ग्राम पोलाय जागीर के वीर सपूत पवन यादव का पार्थिव शरीर गुरुवार को शाम पौने सात बजे उनके पैतृक गांव पहुंचा। अपने वीर सपूत के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, समाजजन, परिजन और आसपास के गांवों के लोग पहुंचे। पूरे गांव में शोक का माहौल रहा। नम आंखों के साथ ग्रामीणों ने अपने वीर जवान को अंतिम विदाई दी।
वीर जवान पवन यादव को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी, भाजपा जिला अध्यक्ष रायसिंह सेंधव, विधायक डॉ. राजेश सोनकर, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, पूर्व विधायक राजेंद्र वर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि पहुंचे। पैतृक गांव पोलाय जागीर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ पवन यादव का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान उनके बड़े बेटे हित ने मुखाग्नि दी। पिता चतर सिंह, भाई पंकज यादव, परिजनों और ग्रामीणों ने श्रद्धांजलि अर्पित की।
स्मृति द्वार व आईटीआई का नामकरण करने की घोषणा-
अंत्येष्टि स्थल पर सांसद महेंद्रसिंह सोलंकी ने पवन यादव की स्मृति में द्वार बनाने और परिवार की हरसंभव मदद करने का आश्वासन दिया। वहीं विधायक राजेश सोनकर ने घोषणा की कि सोनकच्छ में बन रहे आईटीआई कॉलेज का नाम पवन के नाम पर होगा। बच्चों की पढ़ाई का खर्चा भी हम उठाएंगे। गांव में एक स्मारक भी बनाया जाएगा। पवन को शहीद का दर्जा, एक करोड़ की राशि व पत्नी को नौकरी देने के लिए 29 नवंबर को सोनकच्छ में होने वाले मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के कार्यक्रम में परिवार को साथ में बैठाकर आपसी समन्वय से जो उचित होगा किया जाएगा।
पैर फिसलने से हुई मौत-
उनके साथ काम कर रहे सिपाही ने बताया कि पवन राष्ट्रीय राइफल में सिपाही थे। उधमपुर में ट्रेनिंग के दौरान उनका पैर फिसला और गिरने के बाद वे अचेत हो गए थे। उन्हें अस्पताल ले जाया गया। उनका कहना था कि इस मामले में बोर्ड बैठेगा और जांच के बाद परिवार को सूचित किया जाएगा।
