स्कूल के बच्चों से भरी कार सड़क से नीचे उतरी, 16 बच्चे थे सवार, दो गंभीर घायल

झाबुआ. जिले के पेटलावद क्षेत्र में स्कूली बच्चों को लेकर जा रही एक कार अचानक सड़क से नीचे उतरकर झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के समय कार में 16 बच्चे सवार थे। दुर्घटना में कई बच्चों को चोटें आईं, जबकि दो बच्चों के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, बड़ा हादसा होते-होते टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार सुबह की है। कल्पतरू स्कूल की कार 16 बच्चों को लेकर करडावद-कुंडाल मार्ग से गुजर रही थी। इसी दौरान अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई और झाड़ियों में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए ट्रैक्टर की सहायता से कार को बाहर निकाला। बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के साथ ही घायलों को उपचार के लिए ले जाया गया।

घटना के बाद बच्चों की सुरक्षा को लेकर स्कूल प्रबंधन की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे है। एक ही कार में 16 बच्चों को किस प्रकार बैठाकर ले जाया जा रहा था, यह भी गंभीर चिंता का विषय है। अभिभावकों ने स्कूल प्रबंधन से बच्चों की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

वहीं अभिभावकों का कहना है की जिम्मेदार अधिकारियों को भी स्कूल वाहनों की सुरक्षा व्यवस्था और क्षमता की जांच करनी चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Next Post

ग्वालियर मेले के उदघाटन के लिये मुख्यमंत्री को मेला अध्यक्ष जादौन ने किया आमंत्रित

Fri Nov 20 , 2026
ग्वालियर। ग्वालियर व्यापार मेला इस वर्ष 15 दिसम्बर से 15 फरवरी तक आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण के अध्यक्ष अशोक सिंह जादौन ने सौजन्य भेंट कर मेले के उदघाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का आग्रह किया। इस अवसर […]

You May Like