
ग्वालियर। विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के महलगांव स्थित सरकारी मल्टी में एक टैक्सी चालक द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एफआईआर दर्ज की। जांच के बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी, सास, साली और साली के पति के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने का मामला दर्ज किया है।
सुरेश ने सुसाइड करने से पहले मोबाइल पर अपना आखिरी वीडियो बनाया था, जिसमें उसने पत्नी और ससुराल वालों पर प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए थे। पुलिस ने इसी वीडियो और अन्य साक्ष्यों को आधार बनाकर यह कार्रवाई की है। आत्महत्या से ठीक दो दिन पहले पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराया था।
विश्वविद्यालय थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार जाटव ने बताया कि महलगांव की सरकारी मल्टी में रहने वाले 42 वर्षीय सुरेश शाक्य पुत्र कल्लू शाक्य ने अपने कमरे में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली।
सुरेश पेशे से ड्राइवर था और यहां अपनी पत्नी आरती शाक्य व बच्चों के साथ रहता था, जबकि परिवार के अन्य सदस्य दूसरे मकान में रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी।
पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद शुक्रवार को चारों आरोपियों आरती, शकुंतला, रानी और छोटू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि अब चारों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपियों के पकड़े जाने और पूछताछ के बाद ही प्रताड़ना के आरोपों से जुड़े पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस की शुरुआती जांच के दौरान मृतक के मोबाइल से एक वीडियो बरामद हुआ। सुरेश ने यह वीडियो आत्मघाती कदम उठाने से ठीक पहले रिकॉर्ड किया था। वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए पत्नी आरती, सास शकुंतला, साली रानी और रानी के पति छोटू शाक्य को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुरेश अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद और अनबन रहती थी।
