
छिंदवाड़ा। शहर में पेयजल संकट के स्थायी समाधान, बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सौंदर्यीकरण को लेकर गुरुवार को नगर पालिक निगम में मेयर इन काउंसिल की महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। महापौर विक्रम सिंह अहके की अध्यक्षता में आयोजित की गई. इस बैठक में 58.79 करोड़ रुपये की नवीन पाइपलाइन परियोजना और 75 नए नलकूपों के खनन सहित कई अहम प्रस्तावों पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई गई है. शहर की पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए पेंच व्यपवर्तन योजना के माचागोरा जलाशय से कुलबहरा फिल्टर प्लांट तक नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी. इसके लिए 58.79 करोड़ रुपये की वित्तीय व प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है, जिसे बैंक या वित्तीय संस्थान से ऋण के रूप में लिया जाएगा. इसके अतिरिक्त, आपातकालीन पेयजल आवश्यकताओं को देखते हुए निगम क्षेत्र में 75 नए नलकूप खोदने और जल संरक्षण के लिए प्रतिबंधात्मक उपाय लागू करने का निर्णय भी लिया गया है. बैठक में वार्ड क्रमांक 24 के सारसवाड़ा और मालनवाड़ा में प्रस्तावित ट्रांसपोर्ट नगर परियोजना पर बड़ा निर्णय लिया गया. एमआईसी ने स्पष्ट किया कि पूर्व में कंसल्टेंसी पर राशि व्यय हो चुकी है, इसलिए यह प्रोजेक्ट एमपीयूडीसी को न सौंपकर नगर निगम द्वारा ही पूरा कराया जाएगा. आयुक्त को विस्तृत सर्वे और निविदा प्रक्रिया के लिए अधिकृत किया गया है. वहीं पुराने पालिका बाजार का पुनर्विकास कर वहां एक आधुनिक व्यावसायिक परिसर बनाने की सैद्धांतिक स्वीकृति भी दी गई.
आवास योजना और आगामी चुनाव 2027 की तैयारी ००००
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ऑनलाइन प्राप्त 64 नए आवेदनों के अनुमोदन और पूर्व के 118 प्रकरणों की पुष्टि की गई. साथ ही वर्ष 2027 के आगामी नगर निगम चुनावों को ध्यान में रखते हुए सीमा वृद्धि, वार्डों की संख्या, परिसीमन और आरक्षण से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट अगली बैठक में पेश करने के निर्देश दिए गए.
चौराहों का नामकरण और विरासत का संरक्षण ०००००
शहर के गौरवशाली इतिहास और आदिवासी विरासत को सहेजने के लिए विभिन्न स्थानों के नामकरण व निर्माण के प्रस्ताव पारित किए गए, टाउन हॉल का नाम अब राजा जाटव शाह टाउन हॉल के नाम से जाना जाएगा, पुराना कुंडीपुरा नाका के सामने का चौक रानी अवंतीबाई लोधी चौक और पोआमा चौक महाराज दक्ष चौक कहलाएगा, कलेक्टर बंगले से गौरैया सब्जी मंडी मार्ग का नाम महाराजा मार्ग तथा मानसरोवर कॉम्प्लेक्स से रानी दुर्गावती चौक तक का मार्ग राजा उदयभान शाह मार्ग होगा, फव्वारा चौक पर वैदिक घड़ी लगाई जाएगी. इसके अलावा हर्रई राजमहल की प्रतिमूर्ति स्थापित करने और वीआईपी रोड पर इतिहास का शिलालेख लगाने का निर्णय भी लिया गया.
