ग्वालियर: शहर में दो अलग-अलग घटनाओं में एक कॉलेज छात्रा और 13 वर्षीय बालक लापता हो गए। शासकीय विजयाराजे सिंधिया कन्या महाविद्यालय, मुरार में परीक्षा देने आई 22 वर्षीय छात्रा का कोई सुराग नहीं मिला है। झांसी रोड स्थित एजी ऑफिस के पास मदरसा दारूल कुरान में पढने वाला 13 वर्षीय बालक भी लापता हो गया है। मुरार और झांसी रोड थाना पुलिस ने अपहरण के मामले दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार 22 वर्षीय छात्रा बेहट से अपने 16 वर्षीय छोटे भाई के साथ परीक्षा देने कॉलेज आई थी। भाई उसे कॉलेज छोडकर चला गया। परीक्षा समाप्त होने के बाद भी जब छात्रा बाहर नहीं आई तो भाई शाम को अकेले घर लौट गया। परिजन ने उससे बहन के बारे में पूछा तो उसने बताया कि परीक्षा खत्म होने के बाद भी वह कॉलेज से बाहर नहीं आई थी। इसके बाद परिजन ने उसकी तलाश शुरू की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली।
दूसरी घटना में सागरताल के मेवाती मोहल्ले के निवासी और वर्तमान में लक्ष्मणगढ, भिंड रोड पर रहने वाले एक परिवार का 13 वर्षीय बालक लापता हो गया। उसके पिता ने उसे पढाई के लिए एजी ऑफिस के पास स्थित मदरसा दारूल कुरान में भेजा था जहां वह रहकर पढाई करता था। रात में बालक मदरसे में ही था लेकिन सुबह वह वहां नहीं मिला। मदरसे के मौलवी ने इसकी सूचना परिजन को दी। परिजन मदरसे पहुंचे और जानकारी लेने के बाद झांसी रोड थाने में शिकायत दर्ज कराई।
कॉलेज छात्रा और मदरसे के बालक के लापता होने के बाद पुलिस ने दोनों मामलों में अपहरण के केस दर्ज किए है। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है। इसके लिए घटनास्थलों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे है।
