गौशाला निर्माण में फर्जीवाड़ा को लेकर आरईएस में दबिश देने पहुंची ईओडब्ल्यू की टीम

रीवा, गौशाला निर्माण में फर्जीवाड़ा करने वाले इंजीनियरों एवं ठेकेदारों के विरूद्ध ईओडब्ल्यू ने हाल ही में प्रकरण दर्ज कर विवचेना शुरू की है. गुरूवार की शाम ईओडब्ल्यू की टीम आरईएस कार्यालय पहुंचकर दबिश दी. जहा फर्जीवाड़े से जुड़े अहम दस्तावेज जप्त किये है. जिसके आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी. बिना ओपन टेंडर एवं बिना प्रतिस्पर्धा के अधिकारियों द्वारा सांठगांठ कर चहेती फर्म को ठेका सौंप दिया था. अभी तक काम भी पूरा नही हुआ है और राशि निकाल ली गई.

रीवा जिले के विभिन्न विकासखण्डों के अंतर्गत मनरेगा योजना के माध्यम से निराश्रित गौवंश की देख-रेख हेतु गौशाला निर्माण का कार्य स्वीकृत किया गया था. इस योजना के तहत डभौरा यूनिट-3 (नगर परिषद डभौरा) में गौशाला निर्माण का कार्य ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग क्रमांक 2 रीवा के माध्यम से कराया जाना था. इस संबंध में अधिकारियों द्वारा फर्जी दस्तावेज तैयार कर चहेते सप्लायर को लाभ पहुंचाने एवं बिना कार्य कराये फर्जी भुगतान प्राप्त करने की शिकायत प्राप्त हुई थी. जिसके आधार पर प्रकरण दर्ज कर ईओडब्ल्यू ने आगे की कार्यवाही शुरू की. गुरूवार की शाम टीम आरईएस कार्यालय पहुंची और गौशाला फर्जीवाड़े से जुड़े दस्तावेजों को जप्त किया है और अब इन दस्तावेजों को खंगाला जाएगा. इसके बाद आगे की कार्यवाही होगी.

सत्यापन के दौरान मिली थी कमियां

सत्यापन के दौरान पाया गया कि डभौरा यूनिट क्रमांक-3 में रूपये 37.85 लाख की लागत से गौशाला, बछड़ा शेड, भूसा गोदाम, बीमार गाय शेड, नलकूप, 6000 लीटर की पानी टंकी, बाउंड्रीवाल एवं समतलीकरण आदि का निर्माण कार्य कराया जाना था. परन्तु ग्रामीण यांत्रिकी सेवा संभाग-2 के तत्कालीन अधिकारियों द्वारा पारदर्शी ओपन टेंडर प्रक्रिया न अपनाकर अपने चहेते सप्लायर मेसर्स दीनदयाल कुशवाहा (छतरपुर) को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आपराधिक षड्यंत्र रचा गया.

इनके खिलाफ ईओडब्ल्यू ने दर्ज किया था प्रकरण

ईओडब्ल्यू ने शिकायत के बाद अधिकारी और फर्म के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की थी. आरोपीगण (1) राजेन्द्र सिंह धुर्वे तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संभाग क्रमांक-1 एवं प्रभारी कार्यपालन यंत्री संभाग क्रमांक-2 रीवा, (2) डी.एस. आर्नो तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संभाग क्रमांक-2 रीवा, (3) हिमांशु तिवारी तत्कालीन कार्यपालन यंत्री संभाग सीधी जिला सीधी, (4) जगदीश सिंह राजपूत तत्कालीन अनुविभागीय अधिकारी अनुभाग मऊगंज, (5) लक्ष्मण प्रसाद शुक्ला तत्कालीन सहायक ग्रेड-3 प्रभारी निविदा शाखा संभाग क्रमांक-2 ग्रामीण यांत्रिकी सेवा रीवा, (6) दीनदयाल कुशवाहा प्रोप्राईटर मेसर्स दीनदयाल कुशवाहा फर्म एवं अन्य संबंधित के विरूद्ध अपराध घटित किया जाना प्रमाणित पाये जाने से धारा 409, 420, 467, 468, 471, 120 (बी) भा.द.वि. एवं 7 (सी), 13 (1) ए. 13 (2) भ्र.नि.अ. 1988 संशोधित अधिनियम 2018 के अंतर्गत आपराधिक प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया था.

Next Post

भारत-अफ्रीकी देशों के संबंध व्यापार और कूटनीति से आगे मानवीय मूल्यों पर आधारित हों : ग्रासा माशेल

Thu Nov 19 , 2026
नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) मोजाम्बिक के स्वतंत्रता संघर्ष और उसके सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली मानवाधिकार कार्यकर्ता ग्रासा माशेल ने कहा है कि भारत और अफ्रीका के देशों के बीच संबंध केवल व्यापार और कूटनीति तक सीमित नहीं रहने चाहिए बल्कि उन्हें स्वतंत्रता के साझा संघर्षों से […]

You May Like