आध्र प्रदेश के मंदिरों में चोरी के 12 मामलों में शामिल आरोपी गिरफ्तार, 48 लाख रुपये का सामान बरामद

काकीनाडा, 19 नवंबर (वार्ता) आंध्र प्रदेश में काकीनाडा शहर की पुलिस ने मंदिरों में हुई चोरी की कई घटनाओं के सिलसिले में 30 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से चांदी और सोने के सामान सहित 48 लाख रुपये मूल्य की चोरी की संपत्ति बरामद की है।

पुलिस अधीक्षक बिंदु माधव ने गुरुवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बरामद सामान में देवी-देवताओं की चांदी की परतें, 25.833 किलोग्राम चांदी की सिल्लियां और 20 ग्राम सोने की सिल्लियां शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी द्वारा कथित तौर पर वारदातों में इस्तेमाल की गयी एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस अधीक्षक ने यहां जिला पुलिस कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में आरोपी की पहचान गोल्लाप्रोलु मंडल के दुर्गाडा गांव निवासी पसुपुलेटी शिवाजी के रूप में की। वह कथित तौर पर चोरी के 12 मामलों में शामिल था।

पुलिस के अनुसार, शिवाजी को नशे और अन्य बुरी आदतों की लत थी तथा उस पर काफी कर्ज था। आसानी से पैसा कमाने के लिए उसने मंदिरों में चोरी करना शुरू कर दिया। इससे पहले गोल्लाप्रोलु पुलिस उसे चोरी के तीन मामलों में गिरफ्तार कर चुकी थी। फिलहाल वह जमानत पर बाहर था। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने 17 अक्टूबर की मध्यरात्रि के दौरान तिम्मापुरम मुख्य मार्ग स्थित विनायक मंदिर के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के सामान चोरी किये थे।

मंदिरों में लगातार हो रही चोरियों से लोगों में चिंता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने आरोपी का पता लगाने के लिए विशेष अपराध जांच दल गठित किया था। काकीनाडा ग्रामीण सर्किल निरीक्षक चैतन्य कृष्णा और तिम्मापुरम उपनिरीक्षक गणेश कुमार के नेतृत्व में तथा काकीनाडा उपमंडल पुलिस अधिकारी एनएसवीके दुर्गाराव की निगरानी में इस दल ने गुरुवार सुबह तिम्मापुरम के बाहरी इलाके से शिवाजी को गिरफ्तार किया।

पुलिस अधीक्षक ने मामलों का खुलासा करने और चोरी की संपत्ति बरामद करने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों से बनी विशेष जांच टीम की सराहना की।

 

Next Post

परमाणु ठिकानों पर बमबारी कर फिर पहुंच की मांग नहीं कर सकते : ईरान की आईएईए को चेतावनी

Thu Nov 19 , 2026
विएना, 19 नवंबर (वार्ता) ईरान ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) को चेतावनी दी है कि अमेरिका और इजरायल के सैन्य हमलों के बाद उससे अपने परमाणु ठिकानों की विस्तृत जानकारी और निर्बाध पहुंच की मांग नहीं की जा सकती। ईरान ने आशंका जताई है कि एजेंसी द्वारा जुटाई गई […]

You May Like