
दिव्यानंद अर्गल
ग्वालियर। महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम में रखी पुरानी मशीनें अब अपनी कहानी खुद बयां करेंगी। यहां आने वाले पर्यटकों को मशीनों का इतिहास जानने के लिए गाइड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि स्मार्टफोन से बारकोड स्कैन करते ही संबंधित मशीन का इतिहास, तकनीकी विशेषताएं और कार्यप्रणाली मोबाइल स्क्रीन पर उपलब्ध हो जाएगी। ग्वालियर स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन द्वारा संग्रहालय को डिजिटल तकनीक से जोड़ने की पहल की गई है। इसके तहत शासकीय मुद्रणालय की पुरानी मशीनों, कपड़ा उद्योग के उपकरणों, पारंपरिक शिल्प और इंजीनियरिंग से जुड़ी ऐतिहासिक वस्तुओं पर बारकोड लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है। फिलहाल पूरी व्यवस्था की तकनीकी टेस्टिंग की जा रही है।
1917 से सहेजी जा रही औद्योगिक विरासत :
ग्वालियर का औद्योगिक इतिहास केवल कारखानों और मशीनों तक सीमित नहीं है। यह शहर की आर्थिक, सामाजिक और तकनीकी विकास यात्रा का भी महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। जयाजीराव कॉटन मिल्स, ग्वालियर की इंजीनियरिंग इकाइयां, चमड़ा उद्योग, पॉटरीज और अन्य औद्योगिक प्रतिष्ठानों ने कभी इस अंचल की पहचान बनाई थी। ग्वालियर का इंडस्ट्रियल म्यूजियम वर्ष 1917 में स्थापित किया गया था। इसका उद्देश्य तत्कालीन ग्वालियर रियासत के कला-शिल्प और औद्योगिक उत्पादों को प्रदर्शित करना तथा उन्हें पहचान दिलाना था। आज उसी विरासत को डिजिटल माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाने की तैयारी है।
पुरानी मशीनों में छिपा ग्वालियर का औद्योगिक इतिहास :
म्यूजियम में रखी शासकीय मुद्रणालय की पुरानी मशीनें, कपड़ा उद्योग के उपकरण और पारंपरिक शिल्प ग्वालियर की औद्योगिक विकास यात्रा की कहानी बयां करते हैं। अब डिजिटल बारकोड के जरिए पर्यटक इन वस्तुओं का इतिहास, तकनीकी विशेषताएं और उपयोग की जानकारी सीधे मोबाइल पर हासिल कर सकेंगे। इससे विद्यार्थियों, शोधार्थियों और इतिहास में रुचि रखने वालों को विशेष लाभ मिलेगा। अब पर्यटक किसी मशीन के पास पहुंचकर अपने मोबाइल से उसका कोड स्कैन कर सकेंगे। इसके बाद संबंधित वस्तु की उपलब्ध कराई गई विस्तृत जानकारी मोबाइल पर पढ़ सकेंगे। इससे विद्यार्थियों, इतिहास में रुचि रखने वाले लोगों और शोधार्थियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
अब दर्शक नहीं, इतिहास के जानकार बनेंगे पर्यटक :
डिजिटल बारकोड व्यवस्था लागू होने के बाद पर्यटक संग्रहालय में प्रदर्शित प्रत्येक वस्तु और मशीन की विस्तृत जानकारी अपनी सुविधा से हासिल कर सकेंगे। इसके लिए उन्हें गाइड या संग्रहालय के कर्मचारियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। पर्यटक अपनी रुचि के अनुसार किसी भी मशीन के इतिहास, उपयोग और महत्व को समझने के लिए अधिक समय दे सकेंगे। यह व्यवस्था स्कूली और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए भी उपयोगी साबित होगी, जो औद्योगिक इतिहास को किताबों के साथ वास्तविक मशीनों को देखकर समझ सकेंगे। वहीं दूसरे शहरों से आने वाले पर्यटकों को भी ग्वालियर की औद्योगिक विरासत और ऐतिहासिक पहचान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।
जनभागीदारी से मिली वस्तुओं को भी मिलेगी पहचान :
इस पहल का एक महत्वपूर्ण पहलू जनभागीदारी से जुड़ा है। स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन द्वारा नागरिकों से पुरानी औद्योगिक वस्तुएं संग्रहालय में प्रदर्शित करने के लिए प्राप्त की जा रही हैं। इनमें ऐसी वस्तुएं भी शामिल हो सकती हैं, जो कभी किसी परिवार, प्रतिष्ठान या स्थानीय उद्योग की कार्यप्रणाली का हिस्सा रही हों। ऐसी वस्तुओं को संग्रहालय में स्थान मिलने के साथ उनके पीछे की कहानी भी महत्वपूर्ण हो जाती है। बारकोड व्यवस्था के माध्यम से वस्तु का इतिहास, उसका उपयोग और उसे संग्रहालय तक पहुंचाने वाले व्यक्ति या परिवार का योगदान भी दर्ज किया जा सकेगा। इससे संग्रहालय केवल सरकारी या संस्थागत धरोहरों का केंद्र नहीं, बल्कि शहर की सामूहिक स्मृतियों को सहेजने का माध्यम बन सकेगा।
वर्जन
महाराज बाड़ा स्थित इंडस्ट्रियल म्यूजियम के आधुनिकीकरण के लिए डिजिटल बारकोड व्यवस्था विकसित की जा रही है। इसका काम लगभग पूरा हो चुका है और फिलहाल तकनीकी टेस्टिंग जारी है। व्यवस्था शुरू होने के बाद पर्यटक स्मार्टफोन से बारकोड स्कैन कर प्रदर्शित मशीनों का इतिहास, तकनीकी विशेषताएं और कार्यप्रणाली जान सकेंगे। इससे बिना गाइड के म्यूजियम का भ्रमण अधिक सुविधाजनक और ज्ञानवर्धक होगा।
हमारा उद्देश्य ऐतिहासिक और औद्योगिक विरासत को आधुनिक तकनीक के जरिए अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है।
– टी. प्रतीक राव, सीईओ, स्मार्ट सिटी एवं अपर आयुक्त, नगर निगम
