नयी दिल्ली, 19 नवंबर (वार्ता) कांग्रेस पार्टी अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और उसमें नई ऊर्जा भरने के लिए लगातार बदलाव कर रही है। इसी कड़ी में पार्टी जल्द ही नए राष्ट्रीय सचिवों की सूची जारी कर सकती है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक नए सचिवों की सूची तैयार हो चुकी है और इसमें करीब 24 नेताओं के नाम शामिल हैं। सचिव पदों पर नियुक्तियों के लिए कई दौर की साक्षात्कार प्रक्रिया भी पूरी की गई है। इस पूरी कवायद में लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और संगठन राष्ट्रीय महासचिव केसी वेणुगोपाल की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पार्टी में जिला अध्यक्षों के स्तर पर बड़े पैमाने पर बदलाव के बाद अब राष्ट्रीय सचिवों की नियुक्तियों में भी व्यापक फेरबदल देखने को मिल सकता है। संगठनात्मक पुनर्गठन की इस प्रक्रिया के तहत तीन राष्ट्रीय महासचिवों को भी बदले जाने की संभावना है। इसके अलावा कई राज्यों के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्षों में भी बदलाव किए जाने की चर्चा है। सूत्रों के मुताबिक आगामी दिनों में इन नियुक्तियों को लेकर पार्टी नेतृत्व अंतिम फैसला ले सकता है।

