मक्सी स्टेशन के निरीक्षण पर पहुंचे रतलाम डीआरएम अश्विनी कुमार, अंडरब्रिज की समस्याओं से कराया अवगत

मक्सी। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के डीआरएम अश्विनी कुमार गुरुवार को मक्सी जंक्शन के निरीक्षण दौरे पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रेलवे अधिकारियों एवं विभिन्न विभागों की टीम के साथ स्टेशन परिसर और यात्री सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि यह मंडल के विभिन्न स्टेशनों और रेल सेक्शनों का रूटीन निरीक्षण है, जिसमें मौके पर चल रहे कार्यों की समीक्षा करने के साथ परिचालन संबंधी समस्याओं को भी देखा जाता है।

निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, शौचालय और पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी चर्चा हुई। शौचालयों की नियमित सफाई और बेहतर रखरखाव के सवाल पर डीआरएम ने कहा कि लगातार सफाई के बावजूद स्थायी रूप से कर्मचारियों की तैनाती एक चुनौती रहती है। इसके लिए सुलभ इंटरनेशनल जैसी संस्था को जिम्मेदारी सौंपने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि शौचालयों की बेहतर देखरेख और नियमित सफाई सुनिश्चित हो सके।

अंडरब्रिज के अंधेरे और सुरक्षा का मुद्दा डीआरएम के सामने उठाया-

निरीक्षण के दौरान फाटक क्रमांक 52 स्थित रेलवे अंडरब्रिज की समस्याओं को लेकर भी डीआरएम का ध्यान आकर्षित कराया गया। उल्लेखनीय है कि अंडरब्रिज के भीतर पर्याप्त रोशनी नहीं होने और घुमावदार मोड़ पर सुरक्षा दर्पण नहीं लगे होने से राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर पूर्व में भी प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया जा चुका हैं। अंधेरे और सामने से आने वाले वाहनों का पता नहीं चलने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। खासकर रात के समय यहां से गुजरने वाली महिलाओं, मजदूरों और फैक्ट्रियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई थी।

इस दौरान नवभारत संवाददाता ने आमजन की इस समस्या को डीआरएम अश्विनी कुमार के सामने प्रमुखता से रखा और अंडरब्रिज में रोशनी की व्यवस्था तथा मोड़ पर सुरक्षा दर्पण लगाने की जिम्मेदारी को लेकर सवाल किया। इस पर डीआरएम ने कहा कि वे इसकी जानकारी लेकर देखेंगे कि व्यवस्था कराने की जिम्मेदारी किसकी है और आवश्यक व्यवस्था कराई जाएगी।

रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी के निरीक्षण के दौरान स्थानीय यात्रियों की सुविधाओं के साथ लंबे समय से उठ रही अंडरब्रिज की सुरक्षा संबंधी समस्या भी चर्चा में आई। अब देखना होगा कि निरीक्षण के दौरान सामने आए इन मुद्दों पर रेलवे कब तक ठोस कदम उठाता है।

Next Post

ग्वालियर चंबल में "ऑपरेशन हमदर्द" से बिछड़ों को परिवार से मिलाने की मुहिम, जीआरपी ने किया कार्यक्रम

Thu Nov 19 , 2026
ग्वालियर। रेल पुलिस द्वारा निराश्रितों, भटके हुए यात्रियों और अपनों से बिछड़े लोगों को उनके परिवारों से मिलाने तथा उनके पुनर्वास के उद्देश्य से संचालित ‘ऑपरेशन हमदर्द’ जागरूकता अभियान में अब जीवाजी विश्वविद्यालय भी सहभागी बन गया है। इस अभियान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और समाज के विभिन्न वर्गों की […]

You May Like