इंदौर: घर बैठे ऑनलाइन जॉब और टास्क पूरा कर मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर साइबर ठगों ने एक व्यक्ति से 17.50 लाख रुपए ठग लिए. ठगों ने शुरुआत में छोटे टास्क देकर कुछ रकम लौटाई, जिससे पीड़ित को भरोसा हो गया. बाद में अधिक मुनाफे का झांसा देकर अलग-अलग बैंक खातों में रकम जमा कराई. शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच ने तत्परता दिखाते हुए पीड़ित की पूरी रकम वापस करा दी.
पीड़ित से टेलीग्राम के जरिए संपर्क कर ऑनलाइन टास्क और सोशल मीडिया पर ट्रेंडिंग गतिविधियों में भाग लेने के नाम पर कमाई का लालच दिया था. शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क दिए गए और उनके बदले भुगतान भी किया. इससे पीड़ित को लगा कि यह वास्तविक ऑनलाइन जॉब है. इसके बाद ठगों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग टास्क और निवेश के नाम पर लगातार रुपए जमा कराने शुरू कर दिए. उनके झांसे में आकर पीड़ित ने विभिन्न बैंक खातों में 17.50 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए. बाद में ठगी का एहसास होने पर उसने 1930 पर शिकायत दर्ज कराई.
शिकायत मिलने पर क्राइम ब्रांच ने संबंधित बैंक खातों और संदिग्ध लेन देन की जानकारी जुटाकर बैंकों से समन्वय किया. ठगी में इस्तेमाल किए फर्जी बैंक खाते ब्लॉक कराए गए और बैंक से संपर्क कर पीड़ित के 17 लाख 50 हजार रुपए वापस कराए. एडीसीपी क्राइम राजेश दंडोतिया ने बताया कि ऑनलाइन जॉब और टास्क के नाम पर लोगों को ठगने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. साइबर ठग पहले छोटे टास्क के बदले भुगतान कर लोगों का भरोसा जीतते हैं और बाद में अधिक मुनाफे का लालच देकर बड़ी रकम जमा करा लेते हैं. लोगों को ऐसे लालच से बचना चाहिए और किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खातों में रकम ट्रांसफर नहीं करना चाहिए
