
जबलपुर। गोराबाजार थाना अंतर्गत कजरवारा मैदान में बिजली का पोल टूटकर गिरने से करंट की चपेट में आए तीन गौवंश की मौत हो गई। जिसको लेकर आक्रोश फैल गया। हालांकि मामले की सूचना पुलिस को नहीं मिली है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कजरवारा मैदान में एक बिजली का पोल टूटकर गिर गया था। बिजली तारों में हाईवोल्टेज करंट दौड़ रहा था इसी दौरान मैदान में पहुंचे तीन गौवंश करंट की चपेट में आ गए और उनकी मौत हो गई। मामले की जानकारी लगते ही पशु मालिक सौरभ पटेल पहुंचे थे । हादसे को लेकर आक्रोश देखा गया।
आरोप है कि बिजली के तारों और जर्जर पोल को लेकर मामले की शिकायत विभाग को दी गई थी लेकिन मरम्मत कार्य नहीं किया गया जिसके चलते हादसा हुआ है। गोराबाजार थाना प्रभारी संजीव कुमार त्रिपाठी का कहना है कि गौवंश की करंट से मौत की कोई सूचना पुलिस के पास नहीं है ।
