इंदौर: त्योहार मनाने रिश्तेदारों के यहां गया किसान का परिवार जब तीन-चार दिन बाद घर लौटा तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया. मुख्य दरवाजे का ताला टूटा था और कमरों में सामान बिखरा पड़ा था. बदमाश घर से सोने की चेन, चांदी की पायजेब और नकदी चुरा ले गए.वारदात कनाड़िया थाना क्षेत्र की है, किसान प्रवीण परिवार के साथ पिछले तीन-चार दिनों से रिश्तेदारों के यहां गए हुए थे. इसी दौरान रविवार-सोमवार की दरमियानी रात बदमाशों ने सूने मकान को निशाना बनाया.
मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे बदमाशों ने अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे जेवरात व नकदी लेकर फरार हो गए. जांच में सामने आया कि बदमाशों ने आसपास के दूसरे घरों की भी रेकी की थी. पुलिस ने क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो पांच संदिग्ध इलाके में घूमते और रेकी करते नजर आए. पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी तलाश कर रही है. अतिरिक्त डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर उनकी तलाश की जा रही है.
