विशेषज्ञों ने नवाचारी समाधानों पर किया मंथन

इंदौर: आईआईटी इंदौर में ठोस अपशिष्ट के सतत उपयोग और निर्माण क्षेत्र में उसकी संभावनाओं पर पांच दिवसीय अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला शुरू हुई. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के प्रायोजन में आयोजित इस कार्यशाला का आयोजन साउथ ईस्टर्न यूनिवर्सिटी ऑफ श्रीलंका एसईयूएसएल के सहयोग से किया जा रहा है.

कार्यशाला के उद्घाटन समारोह में इंदौर के अपर आयुक्त एवं आईएएस अधिकारी प्रखर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए. इस अवसर पर साउथ ईस्टर्न यूनिवर्सिटी ऑफ श्रीलंका के कुलपति प्रो. एस. एम. जुनैदीन और आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास एस. जोशी भी मौजूद रहे. कार्यशाला में नैनो प्रौद्योगिकी और जियोपॉलिमर प्रौद्योगिकी जैसी उभरती तकनीकों के माध्यम से ठोस अपशिष्ट के उपयोग पर चर्चा की जा रही है. इसके अलावा सड़कों, पुलों, फुटपाथों और भवन निर्माण के विभिन्न घटकों में अपशिष्ट आधारित सामग्रियों के इस्तेमाल तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के नवाचारी तरीकों पर भी विशेषज्ञ अपने विचार साझा करेंगे.

उद्घाटन सत्र में आईआईटी गुवाहाटी के प्रो. श्रीदीप, आईआईएम मुंबई की प्रो. अंजू सिंह और आईआईएम इंदौर की प्रो. श्रुति सहित कई प्रतिष्ठित शिक्षाविद और विशेषज्ञ शामिल हुए. कार्यक्रम में उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, शोधकर्ताओं, संकाय सदस्यों और शिक्षाविदों के साथ भारत एवं श्रीलंका के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया. कार्यशाला का समन्वय संस्थान के डॉ. ललित बोराना और प्रो. मृगेंद्र दुबे कर रहे हैं. उनके समन्वय से भारत और श्रीलंका के विशेषज्ञों, शोधकर्ताओं और पेशेवरों को एक साझा मंच मिला है.

नवाचारी सोच जरूरी
इस अवसर पर आईआईटी इंदौर के निदेशक प्रो. सुहास एस. जोशी ने कहा कि सतत विकास के लिए नवाचारी सोच और उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग जरूरी है. ठोस अपशिष्ट को उपयोगी निर्माण सामग्री में बदलना चक्रीय अर्थव्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है. इस तरह की अंतरराष्ट्रीय कार्यशालाएं ज्ञान के आदान-प्रदान, अनुसंधान को आगे बढ़ाने और सतत भविष्य के लिए व्यावहारिक समाधान विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं. कार्यशाला का उद्देश्य ठोस अपशिष्ट को उपयोगी और पर्यावरण अनुकूल निर्माण सामग्री में बदलने की नई तकनीकों की संभावनाओं को तलाशना है.

Next Post

आजम खान को हाईकोर्ट से राहत, मिली जमानत

Wed Nov 18 , 2026
प्रयागराज। सपा नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में इलाहाबाद हाईकोर्ट से जमानत मिल गई है। हाईकोर्ट में जस्टिस राजीव गुप्ता और जस्टिस देवेंद्र सिंह प्रथम की डिवीजनल बेंच ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा है कि, जिस तरह से आजम खान को जेल […]

You May Like