नयी दिल्ली, (वार्ता) भारत ने 16 नवंबर को होर्मुज जलडमरूमध्य में पनामा के ध्वज वाले एलपीजी टैंकर ‘एमटी तारा गैस’ पर हुए हमले की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, दो घायल चालक दल के सदस्य अस्पताल में भर्ती हैं और एक भारतीय अब भी लापता है।
ओमान तट के पास इस वाणिज्यिक पोत पर हुए हमले को लेकर मंगलवार को जारी एक बयान में विदेश मंत्रालय ने कहा, “जहाज पर सवार 24 भारतीय नागरिकों में से 21 को सुरक्षित रूप से खसाब तट पर उतार लिया गया है, दो घायल भारतीय चालक दल के सदस्यों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक भारतीय नागरिक अब भी लापता है।”
मंत्रालय ने बताया कि ओमान स्थित भारतीय दूतावास ओमानी अधिकारियों के साथ समन्वय कर चल रहे खोज और बचाव अभियानों की बारीकी से निगरानी कर रहा है। भारत ने बचाव कार्यों में ओमान सरकार द्वारा दी गई समय पर सहायता और समर्थन की सराहना भी की।
विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा, “क्षेत्र में जहाजों पर लगातार हो रहे हमलों की घटनाएं बेहद चिंताजनक हैं और नागरिक नाविकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा करती हैं।” मंत्रालय ने कहा कि वाणिज्यिक जहाजरानी और नागरिक बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना बंद होना चाहिए और अंतरराष्ट्रीय कानून के अनुरूप अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों के माध्यम से स्वतंत्र और निर्बाध नौवहन तथा वाणिज्य की जल्द से जल्द बहाली का आह्वान किया।
