
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने अपनी चुनावी रणनीति को लेकर मथुरा में चिंतन बैठक की। इसमें चुनाव प्रचार के लिए पांच प्रमुख मुद्दे तय किए गए हैं। इनमें सुरक्षा, विकास, हिंदुत्व, राष्ट्रवाद और समान नागरिक संहिता (UCC) को प्रमुखता दी गई है। पार्टी श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को भी चुनावी एजेंडे में शामिल करेगी।
बैठक में मथुरा में भव्य श्रीकृष्ण मंदिर के निर्माण का लक्ष्य भी सामने आया। सूत्रों के मुताबिक, 2027 में दोबारा सरकार बनने पर छह महीने के भीतर इस दिशा में समाधान निकालने की रणनीति पर चर्चा हुई है। इसके लिए कानूनी प्रक्रिया और आपसी संवाद के विकल्पों पर जोर दिया जा सकता है।
भाजपा विकास के तहत एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, मेट्रो, सड़क और औद्योगिक निवेश जैसे कार्यों को भी जनता के सामने रखेगी। वहीं, कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण और माफिया के खिलाफ कार्रवाई को प्रमुखता देने की तैयारी है।
