
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संगठनात्मक स्तर पर अपनी तैयारियां तेज करते हुए 34 विधानसभा प्रभारियों की घोषणा की है। पार्टी की ओर से घोषित इन प्रभारियों को पश्चिमी उत्तर प्रदेश से लेकर पूर्वांचल तक अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राजनीतिक गलियारों में इस घोषणा को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि पार्टी इन विधानसभा प्रभारियों के जरिए अपने संगठन को मजबूत करने और संबंधित क्षेत्रों में चुनावी जमीन तैयार करने की रणनीति पर काम कर रही है। गठबंधन की स्थिति स्पष्ट होने के बाद इन्हीं प्रभारियों में से कई नेताओं को आजाद समाज पार्टी की ओर से विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया जा सकता है।
वहीं, असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर राजनीतिक चर्चाएं जारी हैं। हालांकि, गठबंधन की घोषणा के बावजूद दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम सहमति बनना बाकी है।
ऐसे में 34 विधानसभा प्रभारियों की घोषणा को पार्टी की चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है। अब देखना होगा कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के बीच सीट शेयरिंग पर क्या फैसला होता है और गठबंधन के तहत किन विधानसभा सीटों पर किस पार्टी के उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरते हैं।
