सीधी: जिले के चुरहट नगर में एक शख्स ने सोमवार रात अपनी सोती हुई पत्नी और 6 साल की मासूम बेटी पर चाकू और हंसिया से हमला कर दिया। आरोपी ने अपनी मासूम बेटी की गर्दन, चेहरे, छाती, पेट और हाथ-पैर पर 10 से ज्यादा प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हमले में पत्नी घायल है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद के गले पर भी चाकू से हमला कर जान देने की कोशिश की।घटना की सूचना मिलते ही चुरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल सावित्री और बच्ची को तुरंत रीवा के संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने बच्ची को मृत घोषित कर दिया और शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। खुद के गले पर चाकू मारने से आरोपी उमेश भी घायल है।
पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार आरोपी उमेश केवट मूल रूप से रीवा जिले के गुढ़ थाना क्षेत्र स्थित बदवार गांव का रहने वाला है। वह अपने परिवार के साथ चुरहट के ममदर तालाब के पास एक झोपड़ी बनाकर रह रहा था और तालाब में सिंघाड़ा बोने का काम करता था।
घायल पत्नी सावित्री केवट ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात वह अपनी दोनों बेटियों के साथ एक ही खाट पर सो रही थी, जबकि पति उमेश दूसरी खाट पर लेटा था। रात में अचानक उमेश हाथ में चाकू लेकर आया और सबसे पहले सावित्री के मुंह पर वार कर दिया। इसके बाद उसने 6 साल की बेटी ऋतु पर चाकू और हंसिया से ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। मासूम के शरीर पर 10 से अधिक गंभीर घाव होने के कारण उसकी जान चली गई।
परिवार ने कराया था झाड़-फूंक-
सावित्री के मुताबिक तीन दिनों से उमेश का व्यवहार अचानक बदल गया था। वह बिना किसी बात के गुस्सा हो जाता था और गाली-गलौज करते हुए परिवार वालों को मारने के लिए दौड़ता था। उसकी इस हालत को देखते हुए परिजन उसे ठीक करने के लिए झाड़-फूंक भी करवाई थी और लगातार उसका ध्यान रख रहे थे। रविवार से उसके व्यवहार में कुछ सुधार नजर आने लगा था, लेकिन सोमवार रात उसने अचानक इस वारदात को अंजाम दे दिया।
