नई दिल्ली। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए GRAP-3 लागू कर निर्माण कार्यों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं, लेकिन शादीपुर की पटेल रोड पर उड़ती धूल ने इन दावों की हकीकत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां पिछले एक महीने से अधिक समय से सड़क की हालत बदहाल है। दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल के गुबार उड़ते रहते हैं, जिससे स्थानीय लोगों, राहगीरों और दुकानदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
दुकानदारों का कहना है कि धूल के कारण ग्राहक दुकानों तक नहीं पहुंच रहे और सामान भी लगातार धूल से भर रहा है। लोगों को घरों से बाहर निकलने पर कपड़ों और शरीर पर धूल जमने की समस्या झेलनी पड़ रही है। कुछ स्थानीय लोगों ने त्वचा संबंधी परेशानियों की भी शिकायत की है। सड़क से उड़ने वाले धूल-कण PM10 और PM2.5 प्रदूषण को बढ़ाने में भी योगदान देते हैं। ऐसे में स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क की जल्द मरम्मत कराने, नियमित पानी का छिड़काव करने और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है। अब सवाल है कि जब प्रदूषण रोकने के लिए सख्त प्रतिबंध लगाए जा रहे हैं, तो पटेल रोड की धूल पर लगाम लगाने के लिए जिम्मेदार विभाग कब कार्रवाई करेंगे?
