शैलेन्द्र कश्यप
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के साथ प्राइवेट जेट में इंदौर से भोपाल की यात्रा के दौरान एक खाली सीट ने भाजपा नेता सुमित मिश्रा को पार्टी के दिग्गज नेताओं के साथ सफर करने का मौका दे दिया। विमान में कैलाश विजयवर्गीय और रमेश मेंदोला भी मौजूद थे। इस संयोग पर सुमित मिश्रा ने कहा कि भाजपा एक परिवार है, जहां सभी को साथ लेकर चलने की परंपरा है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, नेताओं का एक साथ प्राइवेट जेट में सफर करना चर्चा का विषय बन गया। इस सफर को लेकर कई तरह के मायने निकाले जा सकते हैं, लेकिन नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा ने पूरे घटनाक्रम को भाजपा की संगठनात्मक संस्कृति और पारिवारिक रिश्तों से जोड़कर अपनी बात रखी।
सुमित मिश्रा ने कहा कि यह भाजपा में ही संभव है कि एक साधारण कार्यकर्ता भी बड़े नेताओं के साथ कहीं भी उठ-बैठ सकता है। भाजपा केवल एक राजनीतिक पार्टी नहीं, बल्कि एक परिवार है।
दरअसल, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के यहां आयोजित दीवाली मिलन भोज में शामिल होने के लिए कैलाश विजयवर्गीय, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और विधायक रमेश मेंदोला प्राइवेट जेट से रवाना हो रहे थे। इसी दौरान जेट में एक सीट खाली होने पर नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा को भी साथ ले लिया गया।
इस पूरे घटनाक्रम पर सुमित मिश्रा का बयान भाजपा के भीतर कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेताओं के आपसी संबंधों को लेकर एक संदेश के रूप में देखा जा रहा है। उनके मुताबिक, पार्टी में पद और कद से बढ़कर पारिवारिक जुड़ाव और कार्यकर्ताओं को मिलने वाला सम्मान महत्वपूर्ण है।
